भास्कर संवाददाता | रहली पुलिस ने गुरुवार शाम सांवलखिरिया ग्राम में कैथ नदी के पास जुआ खेल रहे 6 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनसे पुलिस ने 3350 रुपए नकद व 8 बाइक जब्त की है। जानकारी के अनुसार सांवलखिरिया ग्राम में कैथ नदी के पास कई दिनों से जुआ चल रहा था, जहां पर अन्य ग्रामों के लोग भी पहुंच रहे थे कि पुलिस को इसकी भनक लगी तो एसडीओपी प्रकाश मिश्रा के निर्देश पर थाना प्रभारी सुनील शर्मा ने प्रधान आरक्षक सचिन गुप्ता, मनोज, आरक्षक सुरेंद्र यादव, रवि पटैल, मुकेश, तरूण, गजेंद्र के साथ दबिश दी। पुलिस को आता देख जुआ खेल रहे लोगों ने भागना शुरू कर दिया, जिनमें से 6 को पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस ने जुआ के फड़ से 3350 रुपए नकद, ताश के 52 पत्ते पर बिछाने की बोर जब्त की तथा यहां पर रखीं 8 बाइक जब्त की। पुलिस ने जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।


