द्वारका में अवैध रूप से लाइन फिशिंग करने वाली 55 बोट जब्त

द्वारका में अवैध रूप से लाइन फिशिंग करने वाली 55 बोट जब्त

जामनगर. देवभूमि द्वारका जिले के ओखा मढ़ी इलाके में पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की टीम ने कार्रवाई करते हुए गैर-कानूनी तरीके से लाइन फिशिंग कर रही 55 बोट जब्त की।
जानकारी के अनुसार, एसओजी की टीम ने पर्यावरण को नुकसान पहुंचाकर इस तरह मछली पकड़ने के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। एसओजी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि समुद्र में बोट को एक ही लाइन में खड़ा करके गैर-कानूनी तरीके से लाइन फिशिंग की जा रही है।
इस सूचना के आधार पर एसओजी के अधिकारियों – राजभा जाडेजा, वी.ए. राणा और डी.ए. वाला की टीम ने अलग-अलग जगहों पर जांच की। इस दौरान ओखा मढ़ी इलाके में समुद्र में चार ग्रुप में कुल 55 बोट लाइन फिशिंग करते हुए मिलीं। एसओजी की टीम इन सभी बोट को पकड़कर समुद्र किनारे पर लाई।
समुद्र के किनारे पर लाकर बोट के मालिकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से गैर-कानूनी तरीके से मछली पकड़ने वाले लोगों में हड़कंप मच गया है।
यह पूरा ऑपरेशन राजकोट रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआइजी) निर्लिप्त राय और जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) जयराज सिंह वाला की देखरेख और नेतृत्व में किया गया।
इससे पहले, देवभूमि द्वारका के ओखा समुद्री क्षेत्र में एसओजी की टीम ने अवैध मछली पकड़ने के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। टीम ने ऑनलाइन टोकन और पंजीकरण दस्तावेजों के बिना समुद्र में जा रही एक बोट को जब्त किया। पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *