छतरपुर में 51 फीट अष्टधातु हनुमान प्रतिमा प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव शुरू:शोभायात्रा में महिलाएं कलश लेकर शामिल, 50 स्थानों पर पुष्पवर्षा से स्वागत

छतरपुर में 51 फीट अष्टधातु हनुमान प्रतिमा प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव शुरू:शोभायात्रा में महिलाएं कलश लेकर शामिल, 50 स्थानों पर पुष्पवर्षा से स्वागत

छतरपुर के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल जानराय टोरिया में 51 फीट ऊंची अष्टधातु की विशाल हनुमान प्रतिमा के प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव की शुरुआत मंगलवार को भव्य शोभायात्रा के साथ हुई। पूरे शहर में भक्ति, उत्साह और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। हजारों श्रद्धालु इस शोभायात्रा में शामिल हुए और जय श्रीराम व जय हनुमान के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। शोभायात्रा की शुरुआत मोटे के महावीर मंदिर प्रांगण से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। यात्रा में छतरपुर की विधायक ललिता यादव और नगरपालिका अध्यक्ष ज्योति चौरसिया भगवा ध्वज के साथ शामिल हुईं। इस दौरान विधायक ललिता यादव महिलाओं के साथ भक्ति गीतों पर झूमती, गाती और नाचती नजर आईं, जिससे श्रद्धालुओं का उत्साह और बढ़ गया। शोभायात्रा में 108 महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश रखकर भाग लिया। यह दृश्य आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। श्रद्धा और आस्था से ओत-प्रोत महिलाएं पूरे मार्ग में भक्ति भाव के साथ चलती रहीं। यात्रा छत्रसाल चौक, महल रोड, चौक बाजार और फव्वारा चौक से होती हुई आयोजन स्थल तक पहुंची। रास्ते में 51 से अधिक स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। सजीव झांकियां और संतों की उपस्थिति बनी विशेष आकर्षण
शोभायात्रा में बग्घियों पर सवार सजीव झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। इन झांकियों में सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति से जुड़े प्रसंगों का सुंदर चित्रण किया गया। इसके साथ ही देशभर से आए साधु-संत रथों में सवार होकर यात्रा में शामिल हुए, जिससे आयोजन की भव्यता और बढ़ गई। चारों ओर ढोल-नगाड़ों की गूंज, भक्ति गीतों की मधुर धुन और जयकारों के बीच पूरा नगर भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया। बेटियों ने दिखाया शौर्य, तलवारबाजी से जीता दिल
शोभायात्रा के दौरान बेटियों ने भी शौर्य का प्रदर्शन कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। ढोल की थाप पर उन्होंने तलवारबाजी का प्रदर्शन किया, जिसे देखकर लोग रोमांचित हो उठे। इस अवसर पर प्रताप नवयुवक संघ और सोनी समाज की बेटियों को महंत द्वारा सम्मानित किया गया। 9 दिवसीय महोत्सव, ऐतिहासिक बनेगा आयोजन
जानकारी के अनुसार, यह प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव 9 दिनों तक चलेगा। आयोजन में 102 वर्षीय महात्मा राजाराम आचार्य, जानराय टोरिया के महंत श्रृंगारी महाराज, विधायक ललिता यादव, कांग्रेस की कार्यकारी जिला अध्यक्ष दीप्ति पांडे सहित बड़ी संख्या में साधु-संत और धर्मप्रेमी शामिल हुए। बताया जा रहा है कि 51 फीट ऊंची यह अष्टधातु की हनुमान प्रतिमा देश की इकलौती प्रतिमा है, जो आने वाले समय में छतरपुर ही नहीं बल्कि आसपास के क्षेत्रों के लिए भी प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थल बनेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *