होली के दिन दुर्ग-भिलाई जिले में विवाद और मारपीट की कई घटनाएं सामने आईं। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी के कुल 51 मामले दर्ज किए गए हैं। सबसे ज्यादा विवाद होली खेलने के दौरान मामूली बातों और पुरानी रंजिश को लेकर हुए। इन मामलों में दो मामलों में एक ड्यूटी के दौरान महिला आरक्षक से मारपीट का मामला भी सामने आया है। थाना छावनी में पदस्थ महिला आरक्षक की हाथ-मुक्कों से पिटाई कर दी गई और आरक्षक के बाल भी नोचे गए। वहीं जामुल थाना में एक बलौदाबाजार न्यायालय के स्टेनोग्राफर की पिटाई कर दी गई है। स्टेनोग्राफर ने भीड़-भाड़ में हॉर्न बजाया तो आरोपियों ने गाली-गलौज की और गाड़ी को नुकसान पहुंचाया। इसके अलावा जिले के अलग-अलग थानों में भी मामूली कहासुनी और पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट की घटनाएं सामने आई है। वारंट के बारे में पूछने आई महिला ने आरक्षक को पीटा
थाना छावनी में पदस्थ महिला आरक्षक एलिशा की ड्यूटी 3 मार्च को दोपहर 2 बजे से रात 9 बजे तक वायरलेस सेट में लगी थी। इसी दौरान रेखा जोशी मेमन अपने पति नूर मेमन के साथ थाने पहुंची और अपने खिलाफ जारी वारंट के बारे में पूछताछ करने लगी। आरक्षक ने उसे बताया कि 4 मार्च के लिए उसके नाम से जमानती वारंट जारी है। इसी बात पर महिला नाराज हो गई और पुलिसकर्मियों के खिलाफ अपशब्द कहने लगी। इसके बाद उसने आरक्षक के बाल पकड़ लिए और हाथ-मुक्कों से मारपीट कर दी। आरोप है कि इस दौरान उसने महिला आरक्षक की वर्दी भी खींचकर फाड़ दी और जान से मारने की धमकी दी। महिला आरक्षक की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है।
सड़क पर थी भीड़, हॉर्न बजाने को लेकर हुआ विवाद
दूसरा मामला जामुल थाना क्षेत्र में सामने आया है। जहां कार का हॉर्न बजाने को लेकर विवाद हो गया। शिकायतकर्ता प्रशांत कुमार टंडन ने पुलिस को बताया कि वह बलौदाबाजार जिला न्यायालय में स्टेनोग्राफर के पद पर कार्यरत हैं। 4 मार्च की शाम वह अपनी कार से परिवार के साथ भाई रोशन कुमार टंडन के ससुराल ग्राम मुडपार जा रहे थे। शाम करीब साढ़े सात बजे जब वह मुडपार के प्राइमरी स्कूल चौक के पास पहुंचे तो सड़क पर भीड़ लगी हुई थी। रास्ता साफ कराने के लिए उन्होंने कार का हॉर्न बजाया। इसी दौरान सड़क पर खड़े नरेश साहू और निखिल साहू कार के पास आए और हॉर्न बजाने की बात पर गाली-गलौज करने लगे। दोनों ने कॉलर पकड़ लिया और धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। इस दौरान उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया, जिसे बाद में वापस कर दिया गया। आरोपियों ने कार के पीछे जाकर दाहिने पहिए के ऊपर कार की बॉडी पर लात मारकर नुकसान भी पहुंचाया। जानिए… इन अलग-अलग थानों में किस तरह की आई शिकायतें – अंडा थाना : पुरुषोत्तम साहू ने आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश को लेकर बबला निर्मलकर, डिलेश्वर साहू उर्फ गब्बर, भद्री ठाकुर और मनीष ठाकुर ने रास्ते में रोककर मारपीट की। बीच बचाव करने आए भाई और पत्नी से भी मारपीट की गई।
– खुर्सीपार थाना : आकाश तिवारी ने शिकायत की कि होली खेलते समय दिलीप प्रसाद और प्रदीप प्रसाद ने गाली-गलौज कर पत्थर से मारपीट की। एक अन्य मामले में सूरज सतनामी पर 16 वर्षीय सतीश साहू को मारने और धमकी देने का आरोप है।
– पुरानी भिलाई थाना : यहां चार अलग-अलग मारपीट के मामले दर्ज हुए। संध्या सोनी, वेंकट राव, रूखमणी नवरत्न और आशीर्वाद मानवेल ने अलग-अलग लोगों पर गाली-गलौज और मारपीट की शिकायत की।
– भिलाई भट्टी थाना : राज साहू ने आरोप लगाया कि होली में डीजे/बॉक्स बजाने को लेकर सोनू बैरागी और चंदन तांडी ने लकड़ी और मुक्कों से मारपीट की।
– भिलाई नगर थाना : सेक्टर-10 में झगड़े के दौरान बाबी सुब्बा ने बीच बचाव करने वाले युवक पर चापड़ से हमला कर दिया। इसके अलावा तीन अन्य मारपीट के मामले भी दर्ज किए गए।
– बोरी थाना : कान्हा पटेल ने आरोप लगाया कि विवाद न करने के लिए समझाने पर पुरुषोत्तम निषाद और अजीत निषाद ने पत्थर और कड़े से हमला कर दिया।
– धमधा थाना : राजकुमार साहू पर महेन्द्र साहू और उसके साथी ने टूटे शराब की बोतल से हमला किया।
– दुर्ग कोतवाली : रेणुका चंद्राकर ने किरायेदार भारती ढीमर पर गला दबाने और मारपीट का आरोप लगाया। एक अन्य मामले में रामगोपाल साहू पर भी मारपीट का केस दर्ज हुआ।
– जामुल थाना : होली के दौरान पीयूष साहू, अजय यादव, दीपक ठाकुर, गोविंद साहू आदि की शिकायतों पर भी अलग-अलग मारपीट के केस दर्ज हुए।
– कुम्हारी थाना : आदित्य कुर्रे ने आरोप लगाया कि होली खेलते समय अज्जू और ज्वाला गायकवाड ने क्रिकेट बैट से हमला कर दिया। अलग-अलग थानों में दर्ज हुए मारपीट के 51 मामले
छावनी थाना- 1
अंडा थाना – 1
खुर्सीपार थाना – 2
पुरानी भिलाई थाना : 4
भिलाई भट्टी थाना : 1
भिलाई नगर थाना : 4
बोरी थाना : 1
धमधा थाना : 1
दुर्ग कोतवाली : 2
जामुल थाना : 5
कुम्हारी थाना : 1
नेवई थाना : 4
पाटन थाना : 7
पुलगांव थाना : 4
सुपेला थाना : 3
उतई थाना : 2
अमलेश्वर थााना : 1
वैशाली नगर थाना : 2
जामगांव आर थाना : 1
पद्मनाभपुर थाना : 4 होली के एक दिन पहले ही जामुल में हुआ था मर्डर एक दिन पहले मर्डर और चाकूबाजी की भी घटनाएं
होली पर्व के दौरान पिछले तीन दिनों में भी कई अपराध हो चुके हैं। होलिका दहन की रात जामुल थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुरानी रंजिश की वजह से एक पड़ोसी दोस्त ने अपने ही दोस्त को मौत के घाट के उतार दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं होली के दिन वैशाली नगर थाना क्षेत्र में एक 10 साल के बच्चे के उपर से कटर से हमला करने का मामला भी सामने आया था। इसके अलावा नेवई थाना में लूट की वारदात सामने आई। कटरबाजी और हथियार लहराने को लेकर भी कई मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने किए थे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
होली पर्व को लेकर पुलिस दुर्ग पुलिस ने 1247 जवानों को शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में तैनात किया गया था। होलिका दहन के दिन दोपहर तीन बजे से गाड़ियों और बाइक से फ्लैग मार्च निकाला गया, ड्रोन से निगरानी की गई थी। 38 फिक्स पाइंट पर 217 पुलिस जवान, पेट्रोलिंग और बाज पार्टी में 51 जवानों की ड्यूटी लगाई गई। सीएसपी सर्किल में 118 जवानों को तैनात किया गया था। 25 नाकेबंदी पाइंट पर 68 जवान, हाईवे पेट्रोलिंग 1-4 को 2-2 का बल अलग से उपलब्ध कराया गया था। सूचना संकलन के लिए सादी वर्दी में 83 जवान, 30 महिला अधिकारी और महिला आरक्षकों की ड्यूटी लगाई गई। रात 8.30 से 10 बजे तक पैदल फ्लैग मार्च भी किया गया था।


