बिलासपुर के बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट चकरभाठा के रनवे विस्तार का रास्ता साफ हो गया है। छत्तीसगढ़ सरकार ने रनवे विस्तार के लिए रक्षा मंत्रालय से 290 एकड़ भूमि के अधिग्रहण के लिए 50 करोड़ रुपये का मुआवजा जमा कर दिया है। हवाई सेवा विस्तार जनसंघर्ष समिति ने इस दिशा में केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की है। समिति ने कहा कि बिलासपुर से पूर्ण सुविधायुक्त एयरपोर्ट और महानगरों तक सीधी उड़ान का सपना अब पूरा होने के करीब है, क्योंकि इसके मार्ग की सबसे बड़ी बाधा दूर हो गई है। वर्तमान में एयरपोर्ट के रनवे की लंबाई केवल 1500 मीटर है। इस सीमित लंबाई के कारण यहां केवल एटीआर 72 या उससे छोटे विमान ही उड़ान भर पाते हैं। रनवे का विस्तार होने के बाद बड़े विमानों की आवाजाही शुरू हो सकेगी। समिति के अनुसार, देश में लगभग 750 यात्री विमान हैं, जिनमें से केवल 100 विमान ही वर्तमान छोटे रनवे पर उतर सकते हैं। बोइंग, एयरबस और अंब्रेला जेट जैसे बड़े विमानों को उतरने के लिए 2000 मीटर से अधिक लंबे रनवे की आवश्यकता होती है। बिलासपुर एयरपोर्ट पर बड़े विमानों की लैंडिंग की तैयारी भारत में जिन एयरपोर्ट्स पर बोइंग और एयरबस जैसे बड़े विमान उतरते हैं, वहां रनवे की लंबाई आमतौर पर 2200 मीटर होती है। बिलासपुर एयरपोर्ट को 290 एकड़ जमीन मिलने के बाद, 1500 मीटर के वर्तमान रनवे का विस्तार 2885 मीटर तक किया जा सकेगा। यह काम दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में रनवे की लंबाई 1500 मीटर से बढ़कर 2200 मीटर की जाएगी, और दूसरे चरण में इसे 2885 मीटर तक बढ़ाया जाएगा। हवाई सेवा विस्तार जनसंघर्ष समिति ने केंद्र और राज्य सरकार, जनप्रतिनिधियों व जिला प्रशासन से जमीन का वास्तविक हस्तांतरण कर तत्काल बाउंड्रीवाल निर्माण और रनवे विस्तार का काम शुरू कराने की मांग की है। रनवे विस्तार के लिए 100 करोड़ का इस्तेमाल करें
हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने कहा है कि बिलासपुर में 2200 मीटर लंबा और 45 मीटर चौड़ा रनवे बनाने के लिए 70 करोड़ रुपए की आवश्यकता होगी जबकि अभी एयरपोर्ट के लिए 100 करोड़ की आवंटित राशि बची हुई है। इसलिए इस राशि से रनवे विस्तार और 4-सी एयरपोर्ट से जुड़े जरूरी निर्माण कार्य जल्द शुरू किए जाने चाहिए। इधर महाधरना लगातार जारी
समिति का महाधरना रविवार को भी जारी रहा। इसमें रवि बनर्जी अनिल गुलहरे, समीर अहमद बबला, पूर्व मेयर रामशरण यादव, देवेंद्र सिंह ठाकुर, महेश दुबे टाटा, मनोज तिवारी, अमर बजाज एवं सुदीप श्रीवास्तव आदि शामिल थे।


