बरनाला जिले के सिविल अस्पताल में 16.50 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा 50 बेड का क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) इसी साल लोगों को समर्पित किया जाएगा। सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर ने डिस्ट्रिक्ट डेवलपमेंट कोऑर्डिनेशन एंड मॉनिटरिंग कमेटी (DISHA) की बैठक में यह जानकारी दी। बैठक के दौरान सांसद ने विकास कार्यों में बेवजह की देरी या लापरवाही बर्दाश्त न करने की सख्त हिदायत दी।इस बैठक में सरकार की विभिन्न योजनाओं और सांसद निधि (MP LEED) के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। मीत हेयर ने लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए क्रिटिकल केयर यूनिट के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि आम लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं समय पर मिल सकें।
6.5 करोड़ रुपये के कार्यों को मंजूरी दी गुरमीत सिंह मीत ने बताया कि सांसद निधि के तहत 6.5 करोड़ रुपये के कार्यों को मंजूरी दी गई है, जिन्हें तेजी से पूरा किया जाना चाहिए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने बरनाला शहर में जल आपूर्ति विभाग, स्वास्थ्य विभाग, सीवरेज और नगर निगम के कार्यों की भी समीक्षा की।सांसद ने बरनाला, तपा और भदौड़ में आम आदमी क्लीनिकों की प्रगति का भी जायजा लिया।
जन कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की उन्होंने जिले में विभिन्न विभागों द्वारा चलाए जा रहे विकास कार्यों और जन कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की।अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि सभी विकास परियोजनाएं पूरी पारदर्शिता के साथ और निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जाएं। उन्होंने नोडल एजेंसियों को यूटिलाइजेशन सर्टिफिकेट तुरंत जमा करने और प्रत्येक परियोजना स्थल पर काम का समय, लागत और विवरण स्पष्ट रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए। सरकार के पास धन की कोई कमी नहीं मीत हेयर ने कहा कि जन कल्याण के लिए सरकार के पास धन की कोई कमी नहीं है। उन्होंने जोर दिया कि यह हमारी नैतिक और सामाजिक जिम्मेदारी है कि प्रत्येक योजना का लाभ वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंचे। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी या लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर उपायुक्त हरप्रीत सिंह ने भी अधिकारियों को सरकारी योजनाओं और परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।


