मिर्जापुर के अदलहाट थाना क्षेत्र में भटकी 5 साल की मासूम को पुलिस ने महज दो घंटे में खोजकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस टीम की सराहना हो रही है।
जानकारी के अनुसार, मासूम गाजीपुर की रहने वाली है और अपने ननिहाल ग्राम गरौड़ी (थाना अदलहाट) में एक शादी समारोह में शामिल होने आई थी। इसी दौरान वह रास्ता भटककर पथरौरा मील के पास पहुंच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने बच्ची को अकेले घूमते देख तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अदलहाट थाना की पीआरवी टीम मौके पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित थाने ले आई। इसके बाद मिशन शक्ति केंद्र की टीम ने सक्रियता दिखाते हुए व्हाट्सएप और अन्य माध्यमों से बच्ची की जानकारी प्रसारित की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने कुछ ही समय में परिजनों से संपर्क स्थापित कर लिया और करीब दो घंटे के भीतर बालिका को सकुशल उनके हवाले कर दिया। बच्ची को सुरक्षित पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया।


