दतिया शहर में सेवढ़ा चुंगी चौराहे पर 31 मार्च को हुए वार्ड एक के पार्षद कल्लू कुशवाहा हत्याकांड में पुलिस ने फरार चल रहे तीन आरोपियों पर 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। एसपी सूरज वर्मा ने यह कार्रवाई आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के उद्देश्य से की गई है। इनाम घोषित किए गए आरोपियों में साहब सिंह यादव निवासी सिरोल, उमेश कुशवाहा निवासी मुन्नी सेठ की तलैया और प्रवीण वाल्मीक निवासी रिंग रोड गुर्जा हनुमान मंदिर शामिल हैं। तीनों आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहे हैं और पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड को बदले की भावना से अंजाम दिया गया था। हत्या कांड में शामिल तीन मुख्य आरोपी छोटू कुशवाहा, सुधीर कुशवाहा और गोलू कुशवाहा को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। जिनके कब्जे से घटना में इस्तमाल किए गए हथियार और बाइक बरामद हुई है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है और मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया है।


