सोनीपत पुलिस ने निर्माणाधीन मकान से दरवाजे, प्लाई बोर्ड, पेंट, मशीन, लोहे का सामान और बिजली की तार चोरी करने के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आजाद उर्फ लाडी और सलमान निवासी मनचोरी जिला करनाल, गोविंद, सलीम और सुनील उर्फ सुनिला तीनों निवासी समालखा जिला पानीपत के रूप में हुई है। फार्महाउस से चोरी हुआ था सामान मुरथल के रहने वाले नरेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 12 और 13 जनवरी की रात को उसके नांगल खुर्द स्थित फार्महाउस के निर्माणाधीन मकान से अज्ञात व्यक्ति दरवाजे, प्लाई बोर्ड, पेंट, मशीन, लोहे का सामान और बिजली की तार चोरी कर ले गए। चोरों ने फार्महाउस की रेडीमेड दीवार का एक हिस्सा निकालकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। शिकायत के आधार पर थाना मुरथल में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। थाना मुरथल की जांच टीम में नियुक्त मुख्य सिपाही संदीप ने अपनी टीम के साथ आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात में शामिल होने की बात कबूल की। चार आरोपी तीन दिन, एक आरोपी दो दिन के रिमांड पर गिरफ्तार पांचों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां चार आरोपियों को तीन दिन और एक आरोपी सलमान को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस आरोपियों से चोरी किए गए सामान की बरामदगी और वारदात में इस्तेमाल वाहन की जानकारी जुटा रही है।


