गोंडा में नगर कोतवाली क्षेत्र के केशवपुर पहड़वा रेलवे क्रॉसिंग के पास देर रात पुलिस और पशु चोरों के बीच मुठभेड़ हो गई। कार्रवाई के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी समीर उर्फ लल्लन समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान समीर उर्फ लल्लन के बाएं पैर में गोली लगी, जिसे इलाज के लिए गोंडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने समीर उर्फ लल्लन के साथ नायब, तुशाल उर्फ तुफैल, बहराइच निवासी भूपेंद्र यादव उर्फ भूपत और मैंनुद्दीन को भी गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी एक पिकअप वाहन में सवार थे और चोरी के जानवर ले जा रहे थे।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक भैंस, एक पड़वा, एक पिकअप वाहन, एक अवैध तमंचा और 17 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामदगी के बाद पुलिस ने पूरे गिरोह के नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है। 6 पशु चोरी की घटनाओं का खुलासा
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी मनोज कुमार रावत के मुताबिक, आरोपी समीर उर्फ लल्लन अपने साथियों के साथ मिलकर जिले के अलग-अलग इलाकों से जानवर चोरी कर उन्हें दूसरे जिलों में ऊंचे दामों पर बेचता था। इस गिरफ्तारी के साथ नगर कोतवाली, करनैलगंज, देहात कोतवाली और वजीरगंज थानों में दर्ज 6 पशु चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है। पुलिस पर फायरिंग, जवाब में घायल हुआ आरोपी
पुलिस टीम ने देर रात संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया, तभी मुख्य आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें समीर उर्फ लल्लन घायल हो गया और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
मुख्य आरोपी समीर उर्फ लल्लन पर नगर कोतवाली और करनैलगंज में कुल 6 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि तुशाल उर्फ तुफैल पर भी एक मामला दर्ज है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


