अयोध्या पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह हमला इनायतनगर थाना क्षेत्र में 3 मार्च 2026 की रात को हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार चल रहे हैं पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कुचेरा बाजार-शाहगंज रोड से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है इन पर साजिश रचकर एक व्यक्ति को बुलाकर पीटने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपियों में संजय यादव, विशाल यादव, सुरजीत यादव सभी ग्राम सारी निवासी, भल्लू उर्फ राजनाथ यादव हरिनाथपुर निवासी और विकास मिश्रा हल्ले द्वारिकापुर निवासी शामिल हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उप निरीक्षक राममूर्ति कनौजिया, श्रीनाथ पटेल, हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार मौर्या, ऋषिकेष दूबे, अशोक कुमार वर्मा, राकेन्द्र कुमार और कांस्टेबल युवराज सिंह मौजूद थे। शिकायतकर्ता सैफुद्दीन के अनुसार, 3 मार्च 2026 की रात आरोपी विकास मिश्रा ने उसके भाई रईसुद्दीन को फोन कर बहाने से बुलाया था। आरोप है कि विकास रईसुद्दीन को मोटरसाइकिल से मुबारकपुर उमन्नी जंगल ले गया। जंगल में पहले से ही कई लोग लाठी-डंडे और लोहे की रॉड लेकर घात लगाए बैठे थे। रईसुद्दीन के वहां पहुंचते ही सभी ने गाली-गलौज करते हुए उस पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों के पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घायल रईसुद्दीन को एम्बुलेंस से पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मिल्कीपुर ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते उसे मेडिकल दर्शन नगर रेफर कर दिया गया । पीड़ित पक्ष की शिकायत पर थानाध्यक्ष रतन शर्मा ने 6 नामजद और 8-10 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों पर पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। क्षेत्राधिकारी अजय कुमार सिंह ने कहा कि अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को बख्शा नहीं जाएगा।


