महराजगंज जनपद में भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर पुलिस ने चेकिंग के दौरान करोड़ों रुपये मूल्य की चरस की एक बड़ी खेप बरामद की है। इस कार्रवाई से मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने में पुलिस को सफलता मिली है। परसामलिक थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नेपाल से एक संदिग्ध युवक स्विफ्ट डिजायर कार में भारी मात्रा में चरस लेकर गोरखपुर जा रहा है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने सेखुआनी के पास घेराबंदी की और वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान, नेपाल की ओर से आ रही एक स्विफ्ट डिजायर कार को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन की डिग्गी से लगभग 48 किलो 600 ग्राम चरस बरामद हुई। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से आरोपी राकेश यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में राकेश ने बताया कि उसे यह खेप गोरखपुर पहुंचानी थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले में शामिल अन्य तस्करों की पहचान के लिए जांच तेज कर दी गई है। मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सीमा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान जारी रहेगा।


