ज्वेलर से लाइसेंसी रिवाॅल्वर समेत 46 लाख की लूट:प्रयागराज में बाइकसवार 3 लुटेरे 32 लाख का सोना, 5 kg चांदी और 1 लाख कैश ले गए

ज्वेलर से लाइसेंसी रिवाॅल्वर समेत 46 लाख की लूट:प्रयागराज में बाइकसवार 3 लुटेरे 32 लाख का सोना, 5 kg चांदी और 1 लाख कैश ले गए

प्रयागराज के मांडा में बेखौफ बाइक सवार तीन बदमाशों ने मंगलवार शाम सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। बाइक से घर लौट रहे ज्वेलर पर हमला कर ज्वेलरी और नकदी समेत करीब 46 लाख रुपये का माल लूट लिया। इसमें 200 ग्राम सोना, 5 किलो चांदी और एक लाख कैश था। बदमाश उसकी लाइसेंसी रिवाल्वर भी लूट ले गए। असलहे की बट से किए गए हमले में ज्वेलर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। देर रात तक पुलिस को लुटेरों का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
चिलबिला बाजार में चलाते हैं दुकान
पीड़ित व्यापारी प्रदीप कुमार सोनी नई बाजार, भारतगंज वार्ड नंबर-3 के निवासी हैं। उनके भाई रंजीत सोनी ने बताया कि दोनों भाई चिलबिला बाजार में ज्वेलरी की दुकान चलाते हैं। प्रदीप छोटे भाई हैं। रोज की तरह मंगलवार शाम करीब 6:40 बजे वह दुकान बंद कर घर लौट रहे थे।
पीछे से आए तीनों बदमाश
चकदीहा गांव के पंचायत भवन के सामने पहुंचते ही पीछे से आए बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। वह कुछ समझ पाते, इससे पहले ही एक बदमाश ने असलहा निकाल लिया और तीनों ने उन पर हमला बोल दिया। सिर पर असलहे की बट से किए गए हमले में वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद भी बदमाश उन्हें पीटते रहे। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन बदमाशों ने असलहा लहराते हुए गोली मारने की धमकी दी, जिससे लोग पीछे हट गए।
बैग में दुकान, लाॅकर की चाबियां भी थीं
इसके बाद बदमाश उनके पास मौजूद बैग लूटकर फरार हो गए। बैग में 200 ग्राम सोना, पांच किलो चांदी और एक लाख रुपये नकद थे। साथ ही उनकी लाइसेंसी रिवाल्वर भी बदमाश लूट ले गए। बैग में दुकान और लॉकर की चाबियां भी रखी थीं।
घटना के बाद घायल ज्वेलर ने फोन कर परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही उनके भाई और अन्य परिचित मौके पर पहुंचे। मांडा पुलिस और मेजा एसीपी भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने घंटों तक छानबीन की, लेकिन लुटेरों का कोई सुराग नहीं मिला।
पीड़ित के भाई रंजीत सोनी ने बताया कि प्रदीप की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्रयागराज रेफर किया गया है। हमले में उनके सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
एसीपी बोले- टीमें लगाई गईं
एसीपी मेजा संत प्रसाद उपाध्याय ने बताया कि लुटेरों की तलाश में टीमें लगा दी गई हैं। घटनास्थल तक आने-जाने वाले रास्तों की जांच की जा रही है। यह भी देखा जा रहा है कि आसपास कहीं सीसीटीवी कैमरे लगे हैं या नहीं। फिलहाल घायल ज्वेलर का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *