गोंडा में 414 लाभार्थियों को 4.14 करोड़ के चेक मिले:प्रधानमंत्री आवास योजना की पहली किस्त, जनप्रतिनिधियों ने दिए चेक

गोंडा में 414 लाभार्थियों को 4.14 करोड़ के चेक मिले:प्रधानमंत्री आवास योजना की पहली किस्त, जनप्रतिनिधियों ने दिए चेक

गोंडा जिला पंचायत सभागार में आज देर शाम प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत 414 लाभार्थियों को चेक वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया था जहां पहली किस्त के चेक वितरित किए गए है। इस कार्यक्रम में कुल 4.14 करोड़ रुपये के चेक बांटे गए, जिसमें प्रत्येक लाभार्थी को एक लाख रुपये की धनराशि मिली। डूडा (जिला नगरीय विकास अभिकरण) विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का वर्चुअल संबोधन लाभार्थियों को दिखाया गया। इसके बाद गोंडा के जनप्रतिनिधियों ने लाभार्थियों को पहली किस्त के चेक सौंपे है। लाभार्थियों ने इस सहायता के लिए उत्तर प्रदेश सरकार, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का आभार व्यक्त किया है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शहरी क्षेत्रों के पात्र लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को साकार करना था। धनराशि का हस्तांतरण सिंगल क्लिक के माध्यम से सीधे प्रत्येक लाभार्थी के बैंक खाते में किया गया, जिससे प्रक्रिया में पारदर्शिता और त्वरित लाभ सुनिश्चित हुआ। अपने संबोधन में जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 का लक्ष्य ‘सबके लिए आवास’ के संकल्प को पूरा करना है। यह योजना शहरी गरीबों और जरूरतमंद परिवारों को पक्का आवास प्रदान कर उनके जीवन स्तर को बेहतर बना रही है। उन्होंने लाभार्थियों से आवास निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान रखने और धनराशि का सदुपयोग करने की अपील की है। मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन ने बताया कि पात्र लाभार्थियों का चयन पूरी पारदर्शिता से किया गया है और शेष किस्तों का भुगतान भी समय पर सुनिश्चित किया जाएगा। परियोजना अधिकारी डूडा नेहा मिश्रा ने योजना की प्रगति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विभाग द्वारा निरंतर निगरानी कर आवास निर्माण कार्य को गति दी जा रही है। कार्यक्रम में तरबगंज विधायक प्रेम नरायन पाण्डेय, करनैलगंज विधायक अजय सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन,अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, उपजिलाधिकारी करनैलगंज और परियोजना अधिकारी डूडा गोंडा नेहा मिश्रा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया था।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *