माघ मेले में कानपुर के 400 पुलिसकर्मी तैनात:प्रयागराज में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, अभेद्य कवच तैयार

माघ मेले में कानपुर के 400 पुलिसकर्मी तैनात:प्रयागराज में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, अभेद्य कवच तैयार

प्रयागराज में माघ मेले का शुभारंभ हो चुका है, जिसके मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और प्रमुख स्नान पर्वों को देखते हुए कानपुर पुलिस के लगभग 400 प्रशिक्षित जवानों को विशेष ड्यूटी पर प्रयागराज भेजा गया है। इस विशेष पुलिस दल में कांस्टेबल, हेड कांस्टेबल, घुड़सवार पुलिस, गोताखोर दस्ते और विशेष रूप से प्रशिक्षित जवान शामिल हैं। ये सभी जवान मेला क्षेत्र, संगम तट और आसपास के संवेदनशील इलाकों में 24 घंटे निगरानी रखेंगे। उनकी जिम्मेदारी सुरक्षा के साथ-साथ भीड़ प्रबंधन और आपात स्थितियों से निपटना भी होगी। जॉइंट पुलिस कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) आशुतोष कुमार ने बताया कि माघ मेला एक महीने तक चलेगा। देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु संगम में आस्था की डुबकी लगाने पहुंचते हैं, जिसके लिए अतिरिक्त पुलिस बल की आवश्यकता थी। इसी को ध्यान में रखते हुए कानपुर से यह अतिरिक्त फोर्स भेजी गई है। आशुतोष कुमार के अनुसार, 270 पुलिसकर्मी जीआरपी प्रयागराज को सौंपे गए हैं, जो रेलवे स्टेशन, ट्रेनों और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे। वहीं, 100 से अधिक जवान सीधे स्नान स्थलों पर तैनात किए गए हैं, जहां भीड़ का दबाव सर्वाधिक रहता है। सभी जवानों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी तरह की अव्यवस्था, अफवाह या आपात स्थिति में सख्ती और सूझबूझ के साथ निपटा जाए। पुलिस ड्रोन निगरानी, पैदल गश्त और घुड़सवार दस्तों के जरिए पूरे मेला क्षेत्र पर लगातार नजर रखेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *