संतकबीरनगर जिले में चोरों ने एक 250 केवी ट्रांसफार्मर चुराने का प्रयास किया। इसमें असफल रहने पर वे ट्रांसफार्मर में मौजूद लगभग 400 लीटर तेल निकालकर फरार हो गए। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के चुरेब चौराहे पर हुई, जिससे विद्युत विभाग को भारी नुकसान हुआ है। विद्युत आपूर्ति बंद करते हुए चोर सीसीटीवी में कैद हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, चोरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले इलाके की विद्युत आपूर्ति बाधित कर दी थी। इसके बाद उन्होंने ट्रांसफार्मर को खंभे से उतारने का प्रयास किया। भारी वजन के कारण जब वे ट्रांसफार्मर ले जाने में सफल नहीं हो पाए, तो उन्होंने उसका ढक्कन खोलकर सारा तेल खाली कर लिया और अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। सुबह जब विद्युत आपूर्ति बाधित होने की शिकायत मिली और कर्मचारियों ने मौके पर जाकर देखा, तो उन्हें ट्रांसफार्मर से तेल चोरी होने का पता चला। घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के जेई धनंजय सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इस चोरी के कारण विभाग को बड़ा वित्तीय नुकसान हुआ है और स्थानीय विद्युत आपूर्ति भी ठप हो गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए, जेई धनंजय सिंह ने तत्काल कोतवाली पुलिस को अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित तहरीर दी है। तहरीर में सख्त कानूनी कार्रवाई और चोरी हुए तेल की बरामदगी की मांग की गई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। जेई ने बताया कि पुलिस को तहरीर दे दी गई है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर ली जाएगी।


