LPG किल्लत के बीच एक मकान से 40 सिलेंडर बरामद:हापुड़ में अवैध भंडारण का शक, सभी को जब्त कर युवक पर कार्रवाई

LPG किल्लत के बीच एक मकान से 40 सिलेंडर बरामद:हापुड़ में अवैध भंडारण का शक, सभी को जब्त कर युवक पर कार्रवाई

हापुड़ में अवैध रूप से गैस सिलिंडरों के भंडारण का एक मामला सामने आया है। जिला पूर्ति विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के असौड़ा गांव में एक घर पर छापा मारकर करीब 40 गैस सिलिंडर बरामद किए हैं। पुलिस ने इस संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कार्रवाई ग्राम असौड़ा के फूटा कुआं स्थित पंचायती घर के पास रहने वाले रिहान के घर पर की गई। सूचना मिली थी कि रिहान अपने घर में अवैध रूप से घरेलू गैस सिलिंडरों का भंडारण कर रहा था। सूचना के आधार पर जिला पूर्ति विभाग की टीम ने थाना हापुड़ देहात पुलिस के साथ मिलकर मौके पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान टीम को घर के अंदर बड़ी संख्या में गैस सिलिंडर रखे मिले। जांच में कुल 40 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुए, जिन्हें बिना किसी वैध अनुमति के जमा किया गया था। अधिकारियों ने सभी सिलिंडरों को कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है। थाना देहात प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि जिला पूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर मामले की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *