जालंधर थाना डिवीजन नंबर 1 की पुलिस टीम ने 26 मार्च की रात हुए जानलेवा हमले की गुत्थी सुलझाते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान साहिल उर्फ संधू निवासी न्यू राज नगर, जेरी घोंसला निवासी राज नगर, मोहित कुमार उर्फ चुटकी निवासी गोपाल नगर और रोहित उर्फ मेमना निवासी गांधी कैंप के रूप में हुई है। इन सभी पर हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।
घटना 26 मार्च 2026 की रात करीब 9 बजे की है। शिकायतकर्ता नीरज उर्फ काली, जो कि आर्य नगर का निवासी है, अपने दोस्तों दीपक और अक्षय के साथ किसी काम के सिलसिले में जा रहा था। जब वे नहर पटरी के पास टाइलों वाले गोदाम के पास पहुंचे, तो वहां पहले से घात लगाकर बैठे इन चारों आरोपियों ने उन पर अचानक हमला कर दिया।
तेजधार हथियारों से किए थे वार आरोपियों ने तेजधार हथियारों से नीरज और उसके दोस्तों पर वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के दौरान इलाके में डर का माहौल पैदा करने के लिए आरोपी साहिल उर्फ संधू ने अपनी पिस्टल से हवाई फायर भी किया। शोर मचने और लोगों के इकट्ठा होने के डर से आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस बोली-तकनीकी सबूतों के आधार पर किया अरेस्ट
मामले की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर सुरिंदर कुमार और सब इंस्पेक्टर राकेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस ने तकनीकी सबूतों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर 30 मार्च 2026 को छापेमारी की और चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इन आरोपियों के खिलाफ एफआईआर नंबर 95 भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट की धारा 25-54-59 के तहत मामला दर्ज किया है। पकड़े गए आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर उनका रिमांड हासिल किया जा रहा है। रिमांड के दौरान पुलिस इन आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार और मोटरसाइकिल बरामद करेगी।


