बारां में अवैध खनन के खिलाफ अभियान के तहत पुलिस ने पाठेडा नाला क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान एक लोडर सहित चार वाहनों को जब्त किया गया। यह कार्रवाई गुरुवार शाम कुंजबिहार कॉलोनी के पास की गई, जहां मिट्टी का अवैध खनन चल रहा था। एसपी अभिषेक अंदासु ने बताया कि जिले में अवैध खनन रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। एएसपी राजेश चौधरी के निर्देशन और वृताधिकारी हीरालाल सैनी के सुपरविजन में यह कार्रवाई हुई। गुरुवार शाम करीब 5 बजे पुलिस को पाठेडा नाला क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना मिली। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी भजनलाल आरपीएस अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां एक लोडर से मिट्टी खोदी जा रही थी, जबकि एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में मिट्टी भरी हुई थी और 2 ट्रैक्टर खाली खड़े थे। पुलिस ने मौके पर ही लोडर, भरे हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली और दोनों खाली ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया। सभी वाहनों को सुरक्षा के लिए रिजर्व पुलिस लाइन बारां में खड़ा करवाया गया है। आगे की कार्रवाई के लिए खनन विभाग को सूचित कर दिया गया है। एसपी ने दोहराया कि अवैध खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में प्रशिक्षु आरपीएस भजनलाल, हेड कॉन्स्टेबल अजीत सिंह, लक्ष्मण सिंह और रोहित सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।


