डीग में 4 नशा तस्कर गिरफ्तार:157 बोतल नशीली सिरप, गांजा और 2 लाख की नकदी पकड़ी

डीग में 4 नशा तस्कर गिरफ्तार:157 बोतल नशीली सिरप, गांजा और 2 लाख की नकदी पकड़ी

डीग में पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। SP शरण कांबले के निर्देश पर पुलिस की विशेष टीम ने दबिश देकर 4 तस्करों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 157 बोतल प्रतिबंधित कोडीन फॉस्फेट सिरप, 197 ग्राम गांजा और 1 लाख 99 हजार रुपए की अवैध नकदी बरामद की गई है। यह कार्रवाई गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम के निर्देश पर की गई। इससे पहले, डीग क्षेत्र के गांवों में नशे के बढ़ते कारोबार को लेकर खबरें सामने आई थीं, जिनमें राशन की दुकानों के माध्यम से युवाओं को नशीले पदार्थ बेचे जाने का खुलासा हुआ था।
इन खबरों का संज्ञान लेते हुए गृह राज्य मंत्री बेढम ने पुलिस को तत्काल और सख्त कार्रवाई के आदेश दिए थे। उन्होंने स्पष्ट कहा था कि नशे के सौदागरों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। एसपी शरण कांबले ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तस्करों का एक समूह नशीली दवाओं की बड़ी खेप लेकर निकलने वाला है। इस जानकारी के आधार पर गोपालगढ़ और बृज नगर पुलिस ने विशेष नाकाबंदी की योजना बनाई। नाकाबंदी के दौरान गोपालगढ़ पुलिस ने 2 संदिग्धों को पकड़ा, जिनके पास से 133 बोतल नशीली सिरप बरामद हुई।
वहीं, बृज नगर पुलिस टीम ने 2 अन्य तस्करों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 24 बोतल सिरप और 197 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *