प्रतापगढ़ में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने और धार्मिक स्थल पर अवैध कब्जे के प्रयास के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। चिलबिला इलाके में कर्बला की जमीन पर कब्जा करने पहुंचे दबंगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो जेसीबी मशीनें जब्त कीं और चार रसूखदार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस मामले में कुल 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना मंगलवार सुबह करीब 10 बजे चिलबिला इलाके में हुई, जब हाईवे किनारे स्थित कर्बला स्थल पर बुलडोजर चलने लगे। आरोप है कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और जमीन हड़पने के इरादे से यहां दो जेसीबी मशीनें लाई गई थीं। इस साजिश का ताना-बाना मदाफरपुर के घोषित भूमाफिया अरविंद जायसवाल के बेटे अंकित ने बुना था। उसे पलटन बाजार के विजय मौर्य और उनके बेटे विशाल ने मौके पर बुलाया था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एएसपी पूर्वी शैलेंद्र लाल और सीओ सिटी प्रशांत राज ने मोर्चा संभाला। पुलिस टीम ने तहसील गेट के पास घेराबंदी कर विजय मौर्य, उनके बेटे विशाल, भूमाफिया के बेटे अंकित और अधिवक्ता अनूप श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर लिया। इन सभी पर मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद अधिवक्ता अनूप श्रीवास्तव के समर्थन में वकीलों ने लामबंदी की, जिसके बाद वादी के पीछे हटने पर उन्हें कोर्ट से जमानत मिल गई। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि धार्मिक उन्माद फैलाने और शांति भंग करने वालों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है। एसपी दीपक भूकर ने सख्त लहजे में कहा है कि अपराधियों के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने पकड़े गए तीनों मुख्य आरोपियों को जेल भेज दिया है और 10-12 अज्ञात हमलावरों की तलाश तेज कर दी है।


