सागर के वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व के सिंगपुर परिक्षेत्र में जंगली सुअर का शिकार करने और मांस पकाने वाले चार आरोपियों को वन विभाग की टीम ने पकड़ा है। टीम ने आरोपियों से पूछताछ की तो उन्होंने जंगली सुअर का मांस पकाने की बात स्वीकार की है। मामले में चारों को गिरफ्तार कर वन कार्यालय लाया गया। जहां वन अपराध के तहत मामला दर्ज कर जांच में लिया है। वन विभाग के अनुसार, रात करीब 8 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व सागर के गेम परिक्षेत्र सिंगपुर के तहत राजस्व ग्राम हरदुआ में कृष्णा कुर्मी के खेत पर कुछ लोग जंगली जानवर का मांस पकाकर खा रहे है। सूचना मिलते ही फॉरेस्ट के अफसरों ने टीम गठित कर कार्रवाई के लिए रवाना की। टीम ने हरदुआ गांव पहुंचकर कृष्णा कुर्मी के खेत पर दबिश दी। जहां पर चार व्यक्ति मिले। चारों व्यक्ति जंगली सुअर का मांस खा रहे थे। खेत में जंगली सुअर का मांस पकाया था पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने जंगली सुअर का मांस पकाया है और उसे खा रहे हैं। मामला सामने आते ही पुलिस ने मौके से आरोपी सूरज पिता छोटेलाल रैकवार उम्र 35 वर्ष, सुरेश पिता रुपनारायण रैकवार उम्र 23 वर्ष, सीताराम पिता धरमदास पटेल उम्र 40 वर्ष और हरिसिंह पिता दयाली गौंड उम्र 36 वर्ष सभी निवासी हरदुआ को गिरफ्तार किया गया। कार्यालय लाकर चारों आरोपियों के खिलाफ वन अपराध के तहत अवैध शिकार का प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है। पूछताछ के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से कोर्ट ने उन्हें जेल भेज दिया है।


