बूंदी के नैनवां में पुलिस ने चाकू से जानलेवा हमला करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो चाकू और दो बाइक भी जब्त की है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा के निर्देशन और एएसपी उमा शर्मा के मार्गदर्शन में डीएसपी राजूलाल मीना की टीम ने की। डीएसपी राजूलाल मीना ने बताया कि इस संबंध में छान थाना सोप, जिला टोंक निवासी रामरेश ने लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार 22 फरवरी को दोपहर करीब 2:30 बजे रामरेश अपने साथियों अंकित निवासी खेरुणा और दीपक निवासी रघुनाथपुरा के साथ नैनवां नगरपालिका के पीछे बायपास पर एक चाय की दुकान पर थे। तभी दो बाइकों पर कुछ लोग आए। एक बाइक पर तीन लड़के थे, जबकि दूसरी बाइक पर चीतों की झोपड़ियां निवासी जितेंद्र उर्फ जीतू, कालामाल निवासी विनोद और डेलपुरा निवासी लोकेश मीना सवार थे। उन्होंने बाइक रोककर रामरेश पर जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला किया और मारपीट कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के बाद जानलेवा हमला करने के आरोप में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें चीतों की झोपड़ियां निवासी जितेंद्र उर्फ जीतू, कालामाल निवासी विनोद, डेलपुरा निवासी लोकेश और अशोक शामिल हैं। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है। कंटेंट: अश्विनी शर्मा, नैनवां


