विदिशा डकैती केस में 4 आरोपी और नाबालिग गिरफ्तार:1 करोड़ का सोना-चांदी, नकदी और हथियार बरामद

विदिशा डकैती केस में 4 आरोपी और नाबालिग गिरफ्तार:1 करोड़ का सोना-चांदी, नकदी और हथियार बरामद

विदिशा जिले की त्योदा पुलिस ने रायखेड़ी में हुई डकैती का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों और एक विधि विरुद्ध बालक को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लगभग 1 करोड़ रुपए का लूटा गया माल बरामद किया गया है, जिसमें सोना-चांदी के जेवर, 10 लाख रुपए नकद, एक बाइक और अवैध हथियार शामिल हैं। यह वारदात 23-24 जनवरी की दरमियानी रात को हुई थी। रायखेड़ी निवासी बृजबिहारी कुर्मी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात बदमाश उनके घर में घुस आए। उन्होंने बृजबिहारी और उनके परिवार को बंधक बनाकर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लूट ली थी। इस मामले में त्योदा थाने में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। आरोपी ने लूटा हुआ माल सड़क पर गिरा दिया
इस डकैती का खुलासा राहतगढ़ पुलिस की सतर्कता से हुआ। 24 जनवरी की रात, राहतगढ़ थाना क्षेत्र में डायल-112 वाहन देखकर एक आरोपी घबरा गया और भागने के दौरान उसने लूटा हुआ माल सड़क पर गिरा दिया। डायल-112 में तैनात पुलिस बल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके से पकड़ लिया। इसी गिरफ्तारी से पूरे डकैती कांड की कड़ियां जुड़ती चली गईं। पुलिस ने जांच के दौरान 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की मदद ली गई और 150 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की गई। तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर तंत्र और गहन जांच के आधार पर आरोपियों को रायखेड़ी, बहादुरपुर और रजवास क्षेत्रों से गिरफ्तार किया गया। आरोपी से तलवार भी बरामद
पुलिस ने आरोपियों से 44 तोला सोना, 1 किलो 300 ग्राम चांदी, 10 लाख रुपए नकद, 5 मोबाइल फोन, एक बाइक, 315 बोर का देशी कट्टा और एक तलवार बरामद की। बरामद जेवरातों में हार, चेन, अंगूठियां, चूड़ियां, पायल, बिछुड़ी और अन्य आभूषण शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक रोहित केशवानी ने इस डकैती के खुलासे के लिए चार विशेष पुलिस टीमें गठित की थीं। पुलिस अधिकारियों और जवानों के समन्वित, सतत और तकनीकी प्रयासों के कारण इस डकैती का सफल खुलासा हो सका। पुलिस अधीक्षक ने जनता से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाने या डायल-112 पर दें, ताकि अपराधों को रोका जा सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *