सुजानगढ़ में 31 हजार 200 अफीम के पौधे बरामद, 20 घंटे चली कार्रवाई, खेत मालिक को किया गिरफ्तार

सुजानगढ़ में 31 हजार 200 अफीम के पौधे बरामद, 20 घंटे चली कार्रवाई, खेत मालिक को किया गिरफ्तार

सुजानगढ़. चूरू जिले में अवैध अफीम खेती का अब तक का सबसे बड़ा मामला सदर पुलिस ने पकड़ा है। भासीना गांव में करीब दो बीघा जमीन पर 31 हजार 200 अफीम के पौधे पाए गए। पुलिस ने खेत मालिक को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। थानाधिकारी पुष्पेंद्र झाझड़िया ने बताया कि भासीना गांव निवासी सांवताराम (45) पुत्र भागुराम जाट के खेत में अफीम की अवैध खेती (Illegal cultivation of opium) की जा रही थी। खेत में करीब दो बीघा जमीन पर कुल 31 हजार 200 पौधे मिले, जिनका कुल वजन 2,696 किलो 340 ग्राम निकला।

सभी पौधों को उखाड़कर गिनती की गई, तौलकर 78 कट्टों में भरकर सील किया गया। कार्रवाई सोमवार को मुखबिर की सूचना मिलने के बाद शुरू हुई। पुलिस की टीम खेत पर पहुंची और सत्यापन के बाद कार्रवाई प्रारंभ की। अफीम के पौधों को एक-एक कर उखाड़ने, गिनती करने, तौलने, प्लास्टिक थैलियों में भरने और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करने में करीब 20 घंटे लग गए। मंगलवार सुबह तक पुलिस जवान इस कार्य में जुटे रहे।

जब पुलिस के जवान खेत में पौधे उखाड़ रहे थे, तब बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और कार्रवाई देखकर हैरान रह गए। शुरुआती वीडियोग्राफी के दौरान एक व्यक्ति ने पुलिस से कहा कि वह प्रधानजी से बात करवा देता है, लेकिन पुलिस ने स्पष्ट कर दिया कि किसी से कोई बात नहीं की जाएगी और कार्रवाई जारी रखी।

आरोपी कई सालों से कर रहा था खेती
पुलिस ने बताया कि अफीम के पौधे खेत में बोई गई अन्य फसल के बीच लगाए गए थे, ताकि किसी को संदेह न हो। बरामद पौधों को दो पिकअप गाड़ियों में भरकर मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे कानूता पुलिस चौकी से पुलिस थाना लाया गया। ग्रामीणों के अनुसार बरामद अफीम की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपए हो सकती है, हालांकि पुलिस और नारकोटिक्स विभाग ने आधिकारिक रूप से इसकी कीमत नहीं बताई है। चर्चा है कि आरोपी सांवताराम पिछले कई वर्षों से छोटे स्तर पर इस काम में लगा हुआ था।

जानकारी के अनुसार सांवताराम ढाणी में अकेला रहता है, जबकि उसके पिता गांव में रहते हैं। उसका बड़ा भाई विदेश में काम करता है। मामले की आगे की जांच कोतवाली थानाधिकारी बेगाराम मीणा कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार भासीना में मिले अफीम के पौधों की गुणवत्ता और आकार काफी बेहतर है। पौधों की लंबाई करीब चार से साढ़े चार फीट और डोडों का आकार सामान्य से लगभग डेढ़ गुना बड़ा पाया गया, जो आमतौर पर चित्तौड़गढ़ क्षेत्र में होने वाली अफीम खेती से भी बेहतर बताया जा रहा है।

11 में से 2 बीघा जमीन पर कर रखी थी खेती
मामले में पुलिस ने खेत का सत्यापन कराने के लिए कानूता से पटवारी मुकेश गोदारा को मौके पर बुलाया। संबंधित खेत लाडनूं मार्ग पर पूर्व दिशा में करीब दो किलोमीटर दूरी पर स्थित है, जहां आमजन का आवागमन नहीं के बराबर है। जानकारी के अनुसार आरोपी सांवताराम के कुल 11 बीघा खेत हैं, जिनमें से करीब 2 बीघा जमीन पर अफीम की अवैध खेती की जा रही थी। जानकार सूत्रों के मुताबिक अफीम का बाजार मूल्य करीब डेढ़ लाख रुपए प्रति किलो बताया जाता है, हालांकि पुलिस व नारकोटिक्स विभाग ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। थानाधिकारी पुष्पेंद्र झाझड़िया ने बताया कि कार्रवाई में एसआई गीता रानी, एएसआई राजकुमार, हैड कांस्टेबल महेंद्रसिंह, सिपाही यशपाल, जयराम, प्रेमाराम, केसरदेव और रतनलाल शामिल रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *