सोनभद्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 50 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह गांजा एक बोलेरो वाहन से बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है। एडिशनल एसपी अनिल कुमार ने आज इसका खुलासा किया एडिशनल एसपी अनिल कुमार ने बताया कि 12 अप्रैल की भोर मे , पुलिस टीम ग्राम सहिजन खुर्द में पंचमुखी मंदिर के सामने मुख्य सड़क पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक बोलेरो वाहन में अवैध गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन के अंदर छिपाकर रखा गया 50 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से तीन अभियुक्तों- राजकुमार (50 वर्ष), शिवम यादव (19 वर्ष) और अभिषेक सोनकर (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया। ये सभी मीरजापुर जनपद के निवासी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उड़ीसा राज्य से गांजा लाकर मीरजापुर और आसपास के क्षेत्रों में इसकी आपूर्ति करते थे। पुलिस से बचने के लिए वे अपने वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट का उपयोग करते थे। बरामदगी में 50 किलोग्राम गांजा (अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये), एक बोलेरो वाहन (लगभग 6 लाख रुपये), तीन मोबाइल फोन और 750 रुपये नगद शामिल हैं। कुल बरामद माल की कीमत लगभग 16 लाख रुपये आंकी गई है। इस संबंध में थाना रॉबर्ट्सगंज में एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है और जल्द ही और बड़े खुलासे होने की संभावना है।


