अमेरिका (United States Of America) और इज़रायल (Israel) का ईरान (Iran) के खिलाफ चल रहे युद्ध का आज 25वां दिन है। इस युद्ध की वजह से मिडिल ईस्ट (Middle East) में तबाही मच चुकी है। हालांकि लगातार अमेरिकी-इज़रायली हमलों के झेल रहा ईरान भी झुकने के लिए तैयार नहीं है और लगातार इज़रायल और मिडिल ईस्ट में अमेरिका के सहयोगी देशों पर हमले कर रहा है। ईरान के इस तरह के पलटवार की उम्मीद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने भी नहीं की होगी। हाल ही में ट्रंप ने कहा है कि वह समझौते के लिए ईरान से बातचीत कर रहे हैं, लेकिन ईरान ने ट्रंप के इस दावे को झुठला दिया है। ईरान अपने दुश्मनों पर लगातार हमले कर रहा है। हालांकि गौर करने वाली बात यह है कि ईरान के दुश्मन सिर्फ सरहद पार ही नहीं हैं और एक बार फिर ईरान ने सरहद के भीतर छिपे अपने दुश्मनों के खिलाफ कार्रवाई की है।
दुश्मन के लिए जासूसी के आरोप में 3 लोग गिरफ्तार
ईरान के सेमनन (Semnan) प्रांत के शाहरूद (Shahroud) शहर में ईरानी अधिकारियों ने 3 लोगों को गिरफ़्तार किया है। प्रांतीय पुलिस कमांडर के अनुसार तीनों लोगों पर दुश्मन के लिए जासूसी करने का आरोप है। प्रांतीय पुलिस कमांडर ने बताया कि तीनों आरोपी संवेदनशील जगहों की जासूसी करके दुश्मन तक खुफिया जानकारी पहुंचा रहे थे। ईरान की मीडिया एजेंसी ने पुलिस अधिकारी के हवाले से बताया कि इन लोगों पर सैन्य और क़ानून लागू करने वाली जगहों से जानकारी और दस्तावेज़ हासिल करने और उन्हें दुश्मन तक पहुंचाने की कोशिश करने का आरोप है।
अमेरिका और इज़रायल के संपर्क में थे तीनों
पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि तीनों आरोपियों के पास से कम्युनिकेशन डिवाइसेज़ और कुछ प्रतिबंधित चीज़ें ज़ब्त की गई हैं। साथ ही इस बात की भी पुष्टि की कि तीनों ही अमेरिका और इज़रायल के संपर्क में थे।
कुछ दिन पहले भी जासूसी के आरोप में गिरफ्तार हुए थे लोग
कुछ दिन पहले भी ईरान में दुश्मनों के लिए जासूसी करने के आरोप में दर्जनों लोगों को गिरफ्तार किया गया था, जिसकी जानकारी देश की इंटेलिजेंस मिनिस्ट्री ने दी थी। गिरफ्तार लोगों में दोहरी नागरिकता वाले लोग और विदेशी भी शामिल थे जो अमेरिका और इज़रायल के लिए जासूसी कर रहे थे और ईरान की खुफिया जानकारी लीक कर रहे थे।


