राजनांदगांव पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने अंतर्राज्यीय चोर गिरोह के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए हैदराबाद से तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी ‘शेट्टी गैंग’ के सदस्य हैं, जिन्होंने राजनांदगांव और बिलासपुर में चोरी की कई वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 5 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया है। 14 मार्च की रात आरोपियों ने राजनांदगांव की जीवन-ए कॉलोनी और लक्ष्मीनगर क्षेत्र में तीन सूने मकानों को निशाना बनाया था। पीड़िता की रिपोर्ट के अनुसार, देर रात 3-4 नकाबपोश घर में घुसे, डरा-धमकाकर जेवरात चुरा लिए। इसी रात एक अन्य घर से जेवरात और एक स्थान से मोटरसाइकिल भी चोरी हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने शहर के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी विश्लेषण किया। इससे पता चला कि आरोपी वारदात के बाद दुर्ग-भिलाई, रायपुर और बिलासपुर होते हुए ट्रेन से हैदराबाद भाग गए थे। हैदराबाद में दो दिनों की घेराबंदी के बाद पुलिस ने उन्हें धर दबोचा। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शशी कुमार (23 वर्ष, निवासी सैलम, तमिलनाडु/हैदराबाद), सेट्टी विजय (45 वर्ष, निवासी बंजारा हिल्स, हैदराबाद) और सेट्टी सूर्या (31 वर्ष, निवासी रिंगरोड उप्पल नगर, हैदराबाद) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि राजनांदगांव में तीन वारदातों को अंजाम देने के बाद वे बिलासपुर पहुंचे थे। वहां उन्होंने सरकंडा थाना और मोपका चौकी क्षेत्र में भी चोरियां कीं और फिर ट्रेन से हैदराबाद फरार हो गए। पुलिस अब गिरोह के दो अन्य फरार सदस्यों की तलाश कर रही है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 चांदी के दीये, चांदी के कटोरे, बिछिया, कान के टॉप्स, चांदी का कड़ा, बाजूबंद, सोने के लॉकेट और अन्य जेवरात बरामद किए हैं।


