उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में देर रात दो बाइकों की भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना ललौली थाना क्षेत्र के मेवली मोड़ बहुआ के पास रात करीब 10 बजकर 20 मिनट पर हुई। जानकारी के अनुसार, बहुआ के पास एक बाइक पर आकाश यादव (पुत्र धर्मपाल), सौरभ द्विवेदी (पुत्र भैयालाल) और उमेश पाल (पुत्र सुखराज) निवासी सिंधवा एक निमंत्रण में जा रहे थे। तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर दुगरई थाना बिंदकी निवासी गजराज पाल उर्फ पिंटू (पुत्र रामसेन्ही) सवार थे, जिनकी बाइक का नंबर GJ05 GL 9474 था। हादसे में सौरभ द्विवेदी और गजराज पाल उर्फ पिंटू की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में इलाज के दौरान आकाश यादव ने भी दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल उमेश पाल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाद में उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें कानपुर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि दो बाइकों की टक्कर में तीन लोगों की मौत हुई है और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है, जिसे कानपुर रेफर किया गया है।


