ग्वालियर में क्राइम ब्रांच पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के आदर्श नगर, पिंटू पार्क के पास सोमवार रात एक किराए के मकान में दबिश देकर टी20 मैच पर सट्टा खिलवाते तीन सटोरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 4.49 लाख रुपए नकद, 7 मोबाइल, 3 लैपटॉप, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड और लाखों रुपए का हिसाब-किताब बरामद किया है। तीनों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। मुखबिर सूचना पर क्राइम ब्रांच ने की कार्रवाई क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी अमित शर्मा ने बताया कि सोमवार रात सूचना मिली थी कि आनंद नगर स्थित एक किराए के मकान में सट्टा संचालित हो रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद प्रधान आरक्षक दिनेश सिंह तोमर सहित टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश दी। ऑनलाइन साइट से वेस्टइंडीज-जिम्बाब्वे मैच पर सट्टा पुलिस ने मौके पर तीनों आरोपियों को रेडी अन्ना नामक ऑनलाइन साइट के जरिए वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के बीच चल रहे टी20 मैच पर सट्टा लगवाते हुए पकड़ा। तलाशी में उनके पास से लैपटॉप और मोबाइल मिले, जिनमें ऑनलाइन सट्टा संचालन के प्रमाण मिले। जालौन निवासी तीन आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने सौरभ राजावत (20), अभिषेक राजावत (19) और अंशुल उपाध्याय (21) को गिरफ्तार किया है। तीनों उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के ग्राम परावर के निवासी हैं और किराए के मकान में सट्टा संचालित कर रहे थे। पूछताछ में सामने आया कि इस सट्टा रैकेट का मास्टरमाइंड आलोक सिंह सिकरवार है, जिसने अरविंद राजावत का मकान किराए पर लेकर पूरा सेटअप तैयार कराया था। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस ने जब्त मोबाइल और लैपटॉप की जांच में ऑनलाइन सट्टे का विस्तृत हिसाब-किताब बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।


