केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) की मध्य प्रदेश इकाई ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। ब्यूरो की टीमों ने 18 से 20 मार्च के बीच तीन अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 3.571 किलोग्राम अवैध अफीम जब्त की है। ये कार्रवाई राजस्थान के कोटा और मध्य प्रदेश के नीमच व मंदसौर जिलों में की गईं। इस संबंध में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को तत्काल हिरासत में ले लिया पहली कार्रवाई 18 मार्च को की गई, जब सीबीएन नीमच द्वितीय खंड और पीएंडआई सेल सिंगोली की संयुक्त टीम ने रावतभाटा-कोटा रोड पर ग्राम बोराबास (कोटा) के पास नाकाबंदी की। टीम ने एक निजी बस की तलाशी ली, जिसमें एक संदिग्ध यात्री के पास से 1.048 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। आरोपी को तत्काल हिरासत में ले लिया गया। कार से 1.093 किलोग्राम अफीम बरामद इसी दिन एक अन्य कार्रवाई में, नीमच प्रथम और द्वितीय खंड की टीम ने नीमच-सिंगोली रोड पर ग्राम मोरवन के पास एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार को रोका। तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट के नीचे छिपाकर रखी गई 1.093 किलोग्राम अफीम मिली। टीम ने अफीम और कार जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। मंदसौर में बाइक से 1.430 किलोग्राम अफीम बरामद तीसरी कार्रवाई 20 मार्च की दरम्यानी रात मंदसौर के दलौदा तहसील अंतर्गत ग्राम भावता के पास नीमच प्रथम खंड की टीम ने की। सटीक सूचना के आधार पर टीम ने एक बजाज CT100 बाइक को रोका। बाइक के साइड बैग की तलाशी लेने पर दो प्लास्टिक की थैलियों में 1.430 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। आरोपी को बाइक सहित गिरफ्तार कर लिया गया। सीबीएन अधिकारियों के अनुसार, तीनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। इसका उद्देश्य नशे के इस पूरे नेटवर्क की मुख्य कड़ी तक पहुंचना है। ब्यूरो ‘नशा मुक्त भारत’ के संकल्प को लेकर अपनी कार्रवाई लगातार जारी रखेगा।


