फर्रुखाबाद कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद मुकेश राजपूत की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में बताया गया कि नवंबर माह में 44 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 27 व्यक्तियों की मौत हुई। एआरटीओ-प्रवर्तन सुभाष राजपूत ने जानकारी दी कि नवंबर माह में जनपद में 44 सड़क दुर्घटनाएं हुईं। इनमें 27 व्यक्तियों की मृत्यु हुई और 34 व्यक्ति घायल हुए। नवंबर 2025 तक फर्रुखाबाद जनपद में कुल 439 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं। इन दुर्घटनाओं में 253 व्यक्तियों की मृत्यु हुई और 346 व्यक्ति घायल हुए। कुल दुर्घटनाओं में से 287 में कम से कम एक दोपहिया वाहन शामिल था। इनमें 163 दोपहिया सवारों की मृत्यु हुई और 201 घायल हुए। 75 दुर्घटनाओं में दोनों वाहन दोपहिया थे, जिनमें 27 लोगों की जान गई और 46 घायल हुए। वर्ष 2025 में नवंबर तक 95 हिट एंड रन दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 79 व्यक्तियों की मृत्यु हुई और 74 घायल हुए। पिछले वर्ष 2024 में इसी अवधि तक 66 हिट एंड रन दुर्घटनाएं हुई थीं, जिनमें 43 व्यक्तियों की मृत्यु हुई और 28 व्यक्ति घायल हुए थे। जिले में कुल 11 ब्लैक स्पॉट चिह्नित किए गए हैं, जिनमें से 8 राष्ट्रीय राजमार्ग 730C पर स्थित हैं। रोहिला चौराहा, बृहमहत्त स्मारक और मसेनी चौराहा के जंक्शन डेवलपमेंट का कार्य अभी तक पूरा नहीं हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्ग 730C का निर्माण कार्य 23 नवंबर 2024 तक पूरा होना था, लेकिन वर्ष 2025 की समाप्ति तक भी यह अपूर्ण है। इस राजमार्ग पर सड़क सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई है। अधिक दुर्घटनाओं के मद्देनजर सांसद ने एनएचएआई अधिकारियों को नेशनल हाईवे को शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, सांसद ने शुकरूल्लापुर रेल ओवरब्रिज पर लगी लाइटों को भी शीघ्र चालू कराने के निर्देश दिए।


