Ahmedabad: महानगरपालिका (मनपा) की ओर से शहर में पेड़ों की गणना का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। अब तक आठ वार्डों -जमालपुर, बापूनगर, मणिनगर, नारणपुरा, नवरंगपुरा, साबरमती, खोखरा और असारवा में यह कार्य पूरा हो चुका है। इन वार्डों में कुल 15 लाख 10 हजार 705 पेड़ों की पहचान की गई है।
गणना के दौरान 261 दुर्लभ प्रजातियों की भी पहचान हुई है। इनमें हाइफेन डिक्टोमा, एडान्सोनिया डीजिटाटा, कैसाल्पिनिया फेरेआ, क्रेसेंटिया क्यूजेट, एंटरोलोबियम साइक्लोकार्पम, स्ट्रिक्नोस नक्स-वोमिका, अल्बिज़िया अमारा और प्टेरोकार्पस सैंटालिनस जैसी प्रजातियां शामिल हैं। मनपा के अनुसार आगामी दिनों में शेष 40 वार्डों में भी पेड़ों की गणना की जाएगी। इस कार्य से न केवल शहर में हरियाली का सटीक आंकड़ा मिलेगा बल्कि दुर्लभ प्रजातियों के संरक्षण और पर्यावरणीय योजनाओं को भी नई दिशा मिलेगी। अहमदाबाद की हरियाली और धरोहर को संजोने की दिशा में यह पहल अहम साबित होगी।


