Bhang Poisoning : मध्यप्रदेश के भोपाल में होली के मौके पर एक 26 साल के असिस्टेंट प्रोफेसर कृष्णा नायक की मौत की खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना भोपाल के ऐश ऐशबाग इलाके की है। पुलिस ने बताया, दोस्तों के साथ होली खेलने और भांग पीने के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी और फिर अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत बताया। आइए, डॉ. अमनदीप अग्रवाल से जानते हैं कि भांग कब जानलेवा बन जाता है और भांग पीने वालों को कौन-सी गलती नहीं करनी चाहिए।
एक लीटर दूध में भांग की कई गोलियां
दोस्तों ने पुलिस को जानकारी दी है कि कृष्णा ने एक लीटर दूध में भांग की कई गोलियां मिलाई थी। इसके बाद वो पूरा दूध अकेले पी लिया। हालांकि, बाद में वो डांस आदि भी किया। इसके बाद घबराहट हुई, अचानक गिर पड़े और फिर…।
Expert: भांग का ओवरडोज जानलेवा – डॉ. अमनदीप
उन्होंने कहा, किसी भी चीज को पर्याप्त मात्रा से अधिक लिया जाए तो वो जानलेवा हो जाती है। अगर नशीली चीजों का ओवरडोज कोई करता है तो वो शरीर के दिल, किडनी, लिवर पर बुरा असर डालती है। इससे व्यक्ति गंभीर रूप से बीमार हो सकता है। साथ ही कुछ केस में मौत भी हो सकती है।
भांग में एक रसायन होता है जिसे टीएचसी (टेट्राहाइड्रोकैनाबिनॉल) कहा जाता है। जब भांग को खाने या पीने के रूप में लिया जाता है तो इसका असर धीरे-धीरे शुरू होता है, लेकिन यह लंबे समय तक शरीर पर प्रभाव डालता रहता है। अक्सर लोग यह समझ नहीं पाते कि उन्होंने कितनी मात्रा में भांग का सेवन कर लिया है और अनजाने में अधिक मात्रा ले लेते हैं।
भांग के अधिक सेवन से कई तरह की समस्याएं
- तेज घबराहट, बेचैनी, मतिभ्रम (हैलुसिनेशन) जैसे लक्षण
- लगातार उल्टियां, चक्कर, अत्यधिक पसीना और कमजोरी महसूस होना
- शरीर में डिहाइड्रेशन और इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन
दिल के लिए भांग जहर की तरह
भांग का असर हृदय और रक्तचाप पर भी पड़ सकता है। इससे अचानक दिल की धड़कन तेज हो सकती है, रक्तचाप बढ़ या घट सकता है और कुछ मामलों में दिल की धड़कन की अनियमितता या दिल का दौरा पड़ने का खतरा भी बढ़ सकता है। जिन लोगों को पहले से उच्च रक्तचाप, हृदय रोग या अन्य गंभीर बीमारियां हैं, उनके लिए भांग जानलेवा है।
भांग पीने पर इन लक्षणों को ना करें नजरअंदाज
- लगातार उल्टियां
- तेज घबराहट
- सीने में दर्द
- अत्यधिक चक्कर, बेहोशी जैसा महसूस होना
अगर आपको इस तरह की कोई भी दिक्कत महसूस होती है तो आपको फौरन डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। हालांकि, भांग जैसी नशीली चीजों का सेवन ना करना ही सबसे सुरक्षित उपाय है।


