उन्नाव के बांगगरमऊ तहसील में फरीदपुर कट्टर के मजरा मलहन पुरवा गांव में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में लगभग 25 घर और 25 मशरूम फार्म जलकर राख हो गए। करीब 70 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई। आग छेदीलाल के घर से शुरू हुई बताई जा रही है। इसी दौरान घर में रखे दो गैस सिलेंडर फटने से आग पूरे मोहल्ले में तेजी से फैल गई और विकराल रूप ले लिया। अग्निकांड में कई परिवारों को भारी नुकसान हुआ है। कल्लू पुत्र भगवानदीन के घर में रखे तीन लाख रुपए नकद समेत नौ लाख रुपए की गृहस्थी जल गई। छेदीलाल और मदन पुत्रगण सुखलाल को लगभग 10 लाख रुपए का नुकसान हुआ। राकेश, प्रकाश, धर्मपाल, राजाराम पुत्रगण युगराज को करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ, जबकि त्रिलोकी पुत्र मकरन को आठ लाख रुपए का नुकसान झेलना पड़ा। सिपाहीलाल, दिनेश, राज और दयाराम पुत्रगण छेदीलाल का नौ लाख रुपए का नुकसान बताया जा रहा है। ठाकुर और दिनेश को भी लगभग दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग से किसानों को मशरूम की फसल का भी भारी नुकसान हुआ है। गांव में मौजूद सभी 25 मशरूम फार्म पूरी तरह जल गए। किसानों ओमप्रकाश और हरिश्चंद्र के अनुसार, एक फार्म तैयार करने में लगभग दो लाख रुपये की लागत आती है। जिस समय आग लगी उस वक्त मोहल्ले में बच्चों के अलावा कोई वयस्क मौजूद नहीं था। सभी ग्रामीण खेतों में गेहूं की फसल काटने गए थे। धमाके की आवाज सुनकर लोग अपने घरों की ओर भागे, लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया था और सब कुछ तबाह कर दिया था। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने में कठिनाई को देखते हुए ग्रामीणों ने पॉपिंग सेट और नल का प्रयोग कर बाल्टियों से आग बुझाना शुरू किया। घटना की सूचना के बाद नायब तहसीलदार अशोक शुक्ला और हल्का लेखपाल धर्मेंद्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया। उन्होंने अपनी रिपोर्ट तहसील प्रशासन को सौंप दी है। कुल मिलाकर, इस अग्निकांड में लगभग 70 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है।


