राम मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। मंदिर के पश्चिम दिशा में गोकुल भवन बैरियर के पास परिसर के भीतर और 50 मीटर आगे शांति भवन के सामने दो वॉच टावर बनकर तैयार हो गए हैं। वहीं सुरक्षा बलों के नवनिर्मित कमांड सेंटर के पूरब परिसर में एक और वॉच टावर निर्माणाधीन है। ईआईएल के परियोजना प्रबंधक इंजीनियर दुर्गेश के अनुसार पूरे परिसर में कुल 24 वॉच टावर बनाए जाने हैं। इसके साथ ही जेल के उच्च सुरक्षा मानकों के अनुरूप बाउंड्री वॉल का निर्माण उत्तर-पश्चिम दिशा से शुरू कर दिया गया है। फाउंडेशन के लिए 12 मीटर गहराई तक खुदाई कर बलुई मिट्टी हटाई गई है। इसके बाद मजबूत प्लिंथ का निर्माण किया जा रहा है, जो कंक्रीट की चट्टान जैसी होगी। एनजीआरआई हैदराबाद की रिपोर्ट के अनुसार सरयू तट क्षेत्र में नीचे बलुई मिट्टी है, जिससे नींव कमजोर हो सकती थी। इसी कारण ठोस सतह तक खुदाई कर निर्माण कराया जा रहा है। बाउंड्री वॉल में हाईटेक सेंसर लगाए जाएंगे। ये सेंसर अलार्म के जरिए सतर्क करेंगे और संदिग्ध गतिविधियों को कैमरों में कैद करेंगे। बाउंड्री वॉल करीब 16 फीट चौड़ी और नौ मीटर ऊंची होगी। करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस दीवार का निर्माण उत्तराखंड की दो निर्माण कंपनियां कर रही हैं।


