पंजीयक, शिक्षा विभागीय परीक्षाएं द्वारा आयोजित बालिका सैनिक स्कूल चयन परीक्षा 2026 रविवार को जिले सहित प्रदेशभर में शांतिपूर्वक सम्पन्न हुई। परीक्षा प्रातः 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित की गई। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं और पूरी प्रक्रिया सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई गई। इस परीक्षा के लिए आवेदन करने वाली छात्राओं में करीब 24 फीसदी लड़कियां एग्जाम देने नहीं आई। पंजीयक शिक्षा विभागीय परीक्षाएं कार्यालय के अनुसार इस परीक्षा के लिए कुल 12 हजार 779 छात्राएं पंजीकृत थीं। इनमें से 9 हजार 819 छात्राएं परीक्षा में उपस्थित हुईं, जबकि 2 हजार 952 छात्राएं अनुपस्थित रहीं। इस प्रकार परीक्षा में कुल 76.83 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। परीक्षा में सफल होने वाली लड़कियों को मेरिट के आधार पर बीकानेर के जयमलसर और सीकर के सैनिक बालिका स्कूल में एडमिशन दिया जाएगा। ये पहला मौका है जब राजस्थान में बालिका सैनिक स्कूल में एडमिशन दिया जाएगा। परीक्षा के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल रहा और परीक्षा निर्धारित समय पर शुरू होकर समय पर ही समाप्त हुई। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की जांच, प्रवेश और बैठने की व्यवस्था सहित सभी जरूरी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की गई थीं। अधिकारियों के अनुसार परीक्षा संचालन के दौरान परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देशों का पालन किया गया। परीक्षा के सफल संचालन में केंद्राधीक्षकों और कार्मिकों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


