सहारनपुर दीवानी कचहरी परिसर में उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के सदस्य पद के चुनाव के लिए मतदान संपन्न हुआ। दूसरे दिन शनिवार को कुल 1164 मत डाले गए। दो दिनों के मतदान को मिलाकर, कुल 2988 पंजीकृत अधिवक्ताओं में से 2348 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान दूसरे दिन सुबह 10 बजे शुरू हुआ। कचहरी परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। परिसर में प्रत्याशियों के बैनर और समर्थकों की उपस्थिति देखी गई। सुबह ठंड के कारण मतदान की गति धीमी रही, लेकिन धूप निकलने के बाद मतदाताओं की संख्या में वृद्धि हुई। अधिवक्ता प्रत्याशियों के वरीयता क्रम पर चर्चा करते दिखे। पूर्व विधायक और उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के पूर्व उपाध्यक्ष शाहनवाज राना के समर्थन में अधिवक्ताओं का जमावड़ा उनके बस्ते पर देखा गया। यहां चुनावी रणनीति और समर्थन पर बातचीत हुई। क्रमांक 266 को लेकर भी दूसरे दिन अधिवक्ताओं के बीच चर्चा रही। मतदान शाम 5 बजे तक जारी रहा। दूसरे दिन बूथ संख्या एक पर 382, बूथ संख्या दो पर 415 और बूथ संख्या तीन पर 367 वोट दर्ज किए गए। शुक्रवार को बूथ एक पर 429, बूथ दो पर 399 और बूथ तीन पर 356 मत पड़े थे। दोनों दिनों के कुल मतदान के अनुसार, बूथ एक पर 811, बूथ दो पर 814 और बूथ तीन पर 723 मत पड़े। इस दौरान शाहनवाज राना के समर्थन में मुनव्वर अली खान, जमाल साबरी, मोहम्मद अली, राव इकबाल, इकबाल अहमद, रणधीर सिंह, संगीता और पारुल सहित कई अधिवक्ता और समर्थक उपस्थित रहे। चुनाव परिणाम की घोषणा का इंतजार है।


