मुजफ्फरनगर में 224 निर्धन परिवारों को शनिवार को अपने घर की चाबियां मिलीं। राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने इन घरों की चाबियां लाभार्थियों को सौंपीं। चाबियां मिलते ही सभी के चेहरे खुशी से खिल उठे। ये आवास शहर के भोपा रोड बाईपास पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 16 करोड़ रुपये की लागत से बनाए गए हैं। इन फ्लैटों का निर्माण लंबे समय से पूरा हो चुका था और पात्र परिवार इनके आवंटन का इंतजार कर रहे थे। राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि यह उनके लिए सौभाग्य की बात है कि उन्होंने इन आवासों की नींव रखी थी और अब उन्हें ही लाभार्थियों को चाबियां सौंपने का अवसर मिला है। उन्होंने चयनित परिवारों को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।
चाबियां मिलते ही निर्धन परिवारों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और राज्य मंत्री का आभार व्यक्त किया। लाभार्थी परिवारों ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि अपने घर का जो सपना उन्होंने संजोया था, वह आज पूरा हो गया है। इस दौरान एमडीए उपाध्यक्ष कविता मीणा, सचिव कुंवर बहादुर सिंह, बीजेपी नेता कुसुंपुरी, एमडीए बोर्ड मेंबर गजेंद्र सिंह सहित एमडीए के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।


