लखनऊ के इंदिरा नगर थाना क्षेत्र में बिल्डर के घर 20 लाख की चोरी हो गई। वह अपने परिवार के साथ बेटे के पास देहरादून गए थे। वहां से वापस लौटने पर घर के ताले टूटे और सामान गायब मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
पंचशील विहार तकरोही निवासी विष्णु कुमार सिंह बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन का काम करते हैं। 3 अप्रैल को वह पत्नी के साथ देहरादून अपने बेटे के पास गए थे। तीन दिन बाद जब सोमवार रात करीब 10:30 बजे घर पहुंचे तो घर के सारे ताले टूटे मिले। अंदर जाकर देखा अलमारी के लॉकर टूटे थे और सारा सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घर की जांच की। पीड़ित विष्णु का कहना है नगदी सहित करीब 18 से 20 लाख रुपए के कीमती जेवर चोर लेकर चले गए। मामले में इंस्पेक्टर इंदिरा नगर अजय नारायण सिंह का कहना है सीसीटीवी की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है।


