धौलपुर पुलिस ने जिले में असामाजिक तत्वों और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए एक विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के तहत अवैध शराब, हथियार, खनन और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ सघन कार्रवाई की गई।
अभियान में दिहौली, सदर धौलपुर, बसेड़ी और आंगई थाना पुलिस ने अपने-अपने क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर दबिशें दीं और अपराधियों पर शिकंजा कसा। दिहौली थाना पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के मामले में एक नाबालिग को डिटेन किया और उसके पास से 52 पव्वे अवैध देसी शराब बरामद की। इसी थाने ने राजाखेड़ा के गोपालपुरा निवासी 25 वर्षीय प्रमोद कुमार को एक अवैध देसी कट्टा 315 बोर और एक खाली खोखे के साथ गिरफ्तार किया। इसके अतिरिक्त, चंबल घड़ियाल प्रतिबंधित क्षेत्र से अवैध रेत परिवहन कर रही 2 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया गया, हालांकि उनके ड्राइवर मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है। सदर धौलपुर थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नगला भगत निवासी 31 वर्षीय भोलू कुमार को एक अवैध देसी पौना 12 बोर के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। बसेड़ी थाना पुलिस ने अवैध लाल रेत खनन के मामले में मुरली बसई निवासी 21 वर्षीय वीरेंद्र को बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित गिरफ्तार किया। हत्या के प्रयास के एक मामले में वांछित 42 वर्षीय पवन कुमार और 32 वर्षीय विनोद को भी गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा शांति भंग के मामलों में 2 गैर-जमानती आरोपियों को भी हिरासत में लिया गया।
आंगई थाना पुलिस ने अवैध पत्थर खनन में इस्तेमाल हो रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया, जिसका ड्राइवर मौके से फरार हो गया।


