चंदौली में 50 लाख की हेरोइन के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार, यूनिक था तस्करी का तरीका, ऐसे खुला राज

चंदौली में 50 लाख की हेरोइन के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार, यूनिक था तस्करी का तरीका, ऐसे खुला राज

चंदौली: मुगलसराय पुलिस ने अवैध मादक तस्करी के खिलाफ अभियान चलाते हुए दो तस्करों को पकड़ा है, जिनके पास से 400 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। बताया जा रहा है कि बरामद की गई हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 50 लाख रुपए है। मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए मुगलसराय पुलिस को यह कामयाबी हासिल हुई है।

बाराबंकी से भेजी गई थी खेप

जानकारी के मुताबिक, मुगलसराय पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पड़ाव चौराहे से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि तस्कर सब्जी के झोले में हेरोइन की तस्करी कर रहे थे। हेरोइन की यह खेप बाराबंकी से चलकर वाराणसी के रास्ते चंदौली जिले में दाखिल हुई थी। इस दौरान मुखबिर की सूचना के बाद पुलिस ने जाल बिछाया और इसमें दोनों आरोपी फंस गए।

बाराबंकी के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान बाराबंकी के मसौली थाना क्षेत्र के गंगाराम वर्मा और नीरज वर्मा के रूप में हुई है। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि एक अनजान व्यक्ति के कहने पर वे हीरोइन की इस खेप को लेकर चंदौली पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि इसकी तस्करी को लेकर बाराबंकी के ही उस व्यक्ति ने आईडिया दिया और बताया कि यदि सब्जी के झोले में लेकर जाओगे तो किसी को शक नहीं होगा।

मुगलसराय थाना अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना के बाद दोनों संदिग्ध व्यक्तियों को रोका गया और उनसे पूछताछ की गई। उनका रवैया सामान्य व्यक्ति की तरह था, लेकिन फिर भी जब उनके झोले की तलाशी ली गई तो उसमें ऊपर हरी सब्जियां रखी थी, जबकि नीचे एक पैकेट में 400 ग्राम हेरोइन छुपा कर रखा गया था। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 50 लख रुपए है।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मुगलसराय थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि इस हीरोइन की खेप की डिलीवरी पड़ाव चौराहे पर ही किसी अन्य व्यक्ति को देनी थी। उन्होंने बताया कि या डिलीवरी किसको देनी थी, उसकी जानकारी उन्हें नहीं दी गई थी। उन्हें बताया गया था कि एक व्यक्ति आएगा और यह डिलीवरी लेकर चला जाएगा।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। इसके साथ ही पुलिस यह पता लगाने में भी जुटी है कि बाराबंकी से यह खेप किसने इन्हें सौंपी थी। इसके साथ ही इस खेप की डिलीवरी लेने आने वाला व्यक्ति कौन था।पुलिस ने बताया कि जल्द ही इन पहलुओं की जांच करके इस राज से पर्दा उठा दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *