वाराणसी: मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में एक मकान में ब्लास्ट होने के बाद पूरा मकान धराशाई हो गया। इस दौरान मलबे में दबने से दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि गंभीर रूप से घायल हुए दो लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि घर में खाना बनाने के दौरान घरेलू गैस सिलेंडर की पाइप में लीकेज हुआ और इसी दौरान सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। घटना की जानकारी होने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के लहरतारा इलाके में स्थित एक मकान में खाना बनाने के दौरान विस्फोट हो गया। बताया जा रहा है कि खाना बनाने के दौरान रसोई गैस सिलेंडर की पाइप में लीकेज हो गया था और इसी दौरान आग भड़क गई और धीरे-धीरे गैस के रिसाव के कारण सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट होने के बाद पूरा मकान धराशाई हो गया और इस दौरान घर में मौजूद चार लोग मलबे में दब गए।
घटना की जानकारी होने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। बताया जा रहा है कि धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के मकानों में भी दरार आ गई। मलबे में दबे चारों लोगों को पुलिस ने बाहर निकाल और ट्रॉमा सेंटर भिजवाया, जहां दो लोगों की मौत हो गई है। जबकि गंभीर रूप से घायल दो लोगों का इलाज जारी है। पुलिस के मुताबिक, ओम और प्रीती की इस घटना में मौत हो गई है।
पुलिस के मुताबिक, घर में गिरिजा देवी अपने बेटे ओम व अमन और बेटी प्रीति के साथ रहती थी। सुबह 9 के आसपास वह घर में बच्चों के लिए और अपने लिए खाना बना रही थी। इसी दौरान सिलेंडर में आग लग गई, जिसके बाद ब्लास्ट हुआ और मकान गिर गया। आसपास के लोगों ने बताया कि गिरिजा देवी के पति का देहांत पहले ही हो चुका है। वहीं घटना की जानकारी होने के बाद फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची है और पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।


