फैजान पर 2 मैगजीन खाली…अब समीर पर 5 राउंड फायरिंग, दिल्ली में नहीं थम रहा हत्याओं का सिलसिला

फैजान पर 2 मैगजीन खाली…अब समीर पर 5 राउंड फायरिंग, दिल्ली में नहीं थम रहा हत्याओं का सिलसिला

Delhi Murder News: देश की राजधानी दिल्ली में अपराधियों ने कानून व्यवस्था को ताक पर रख दिया है। लगातार हो रही हत्याओं को देखते हुए प्रतीत हो रहा है कि अपराधियों के अंदर कानून का थोड़ा भी खौफ नहीं है। दरअसल, शुक्रवार को आधी रात को फैजान को आरोपियों ने गोलियों से भूनकर हत्या कर दी और शनिवार को समीर के ऊपर पांच राउंड फायरिंग की गई, जिसमें उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस मामले में सबूत जुटाने का काम कर रही है।

आपको बता दें कि समीर की हत्या का पूरा मामला उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क की बुलंद मस्जिद इलाके का है। यहां पर शनिवार देर रात 32 वर्षीय समीर पर पांच राउंड फायरिंग की गई, जिसके बाद समीर लहुलूहान होकर जमीन पर गिर गया। गोली लगने के बाद परिजनों ने आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर गए, लेकिन वहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करने के लिए भेज दिया और फोरेंसिक को बुलाकर घटना घटनास्थल की जांच कराई गई। इस मामले में पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच से लगता है कि यह हत्या आपसी रंजिश की वजह से हुई है।

घर से बाहर टहलने निकला था शख्स

मृतक समीर के परिजनों ने बताया है कि समीर लगभग 11 बजे रात को खाना खाकर बाहर टहलने के लिए निकला था, लेकिन थोड़ी ही देर बाद पता चला कि किसी ने समीर पर गोली चला दी है। समीर को अस्पताल लेकर गए, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 32 वर्षीय समीर उर्फ ​​मुस्तकीम उर्फ ​​कमू पहलवान पुत्र अलीमुद्दीन के रूप में हुई है, जो कि बुलंद मस्जिद के इलाके का रहने वाला है।

आरोपियों की तलाश में पुलिस

वहीं, इस मामले को लेकर डीसीपी (उत्तर-पूर्वी जिला) आशीष मिश्रा ने बताया है कि शनिवार की रात लगभग 11:24 बजे शास्त्री पार्क थाना पुलिस को बुलंद मस्जिद इलाके में गोली चलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही फौरन मौके पर पुलिस पहुंची, लेकिन उससे पहले समीर को उसके परिजन अस्पताल लेकर पहुंच गए थे। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डीसीपी का कहना है कि फोरेंसिक टीमों ने क्राइम सीन की जांच कर सबूत इकट्ठा किए हैं। इस प्रकरण में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

एक दिन पहले हुई थी फैजान की हत्या

इस घटना से एक दिन पहले दिल्ली के मौजपुर के एक कैफे में देर रात 24 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दरअसल, हमलावर ने युवक पर करीब पांच मिनट तक लगातार गोलियां चलाईं, जिससे दो मैगजीन पूरी तरह खाली हो गईं। फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, जहां युवक गंभीर हालत में पड़ा मिला। पुलिस ने उसे आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद एक बार फिर राजधानी दिल्ली की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। इतना ही नहीं, कुछ घंटे बाद आरोपी ने सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर चार महीने पुरानी रंजिश में हत्या करने का दावा किया, जिसे बाद में हटा दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *