अलीगढ़ में रविवार देर शाम टेंपो और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान रईस (46) पुत्र रघुवीर खान, निवासी रिगासपुरी, शाहिस्ता (22) पत्नी फैजल, निवासी बरौली (थाना जवा) के रूप में हुई है। हादसा जवा थाना क्षेत्र के अनूपशहर बाईपास पर हुआ। हादसे में मीना पत्नी खैराती (निवासी सुनमई, थाना गोधा), फैजल पुत्र गुलजार, अनम पुत्री गुलजार, अफसाना पुत्री गुलजार (तीनों निवासी बरौली, थाना जवा) और कमरुल पुत्री फारूक (निवासी नूरपुर, थाना टप्पल) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को एम्बुलेंस के जरिए जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।


