कारें किराए पर लेकर गिरवी रख देते थे, गैंग के 2 सदस्य गिरफ्तार, 9 कार और बुलेट जब्त

क्राइम रिपोर्टर | भिलाई मोहन नगर पुलिस ने किराए पर लिए वाहनों को गिरवी रखने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपी लग्जरी कार के मालिकों को कार किराए पर चलाने का झांसा देकर वाहन लेते थे, फिर एक-दो महीने बाद उन्हें गिरवी रख देते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 चार पहिया वाहन और एक बुलेट जब्त की है। आरोपी चाराभाटा, राजनांदगांव निवासी अमित कुमार सिंह और बुधवारी पारा डोंगरगढ़ निवासी वरुण सलामे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। एएसपी सिटी सुखनंदन राठौर ने बताया कि मीनाक्षी नगर वार्ड 52 निवासी गवर्नमेंट कांट्रेक्टर आयुब खान की रिपोर्ट पर नामजद एफआईआर दर्ज की गई। प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि मेरे पास थार (सीजी 07 सीएस 0702) है। पिछले साल मां लक्ष्मी टूर एंड ट्रेवल्स के प्रोपराइटर ओम प्रकाश और अमित कुमार ने मुझसे 45 हजार रुपए प्रति माह पर वाहन किराए पर लिया। उन्होंने जनवरी का किराया देने के बाद पैसा देना बंद कर दिया। पता चला कि उन्होंने कई लोगों को झांसा देकर उनके वाहन दूसरों के पास गिरवी रख दिए या बेच दिए। सीएसपी हर्षित मेहर ने बताया कि आरोपी अमित और वरुण के कब्जे से और गिरवी रखे गए कुल 9 चार पहिया वाहन और 1 बुलेट जब्त किया गया। टीआई केशव कोसले ने बताया कि आरोपी गिरोह बनाकर काम कर रहे थे। उनकी जड़ें दूसरे जिलों तक फैली हो सकती हैं। गाड़ी गिरवी रखने या खरीदने वाले को नोटिस दिया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *