छतरपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में नकली सोने के सिक्के और बिस्किट के जरिए ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब 8 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण और नकली सिक्के-बिस्किट बरामद किए गए हैं। बजरंग नगर निवासी फरियादी शैलेंद्र रैकवार की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। आरोपियों ने सस्ते में सोना देने का लालच देकर उनके असली आभूषण ले लिए और बदले में नकली बिस्किट व सिक्के थमा दिए। जांच में सामने आया कि आरोपी पहले लोगों का भरोसा जीतते थे। इसके बाद असली जेवर लेकर नकली सोना देकर फरार हो जाते थे। दो आरोपियों को किया गिरफ्तार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सागर उर्फ रिंकी रैकवार (ग्राम नहदौरा) और राजू उर्फ राजेश रैकवार (ग्राम निवारी) को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से मंगलसूत्र, पेंडल, स्वर्ण जड़ित चूड़ी, झुमकी, अंगूठी, चैन और पायल सहित कई आभूषण जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और जल्द ही और खुलासे होने की संभावना है।


