सीतापुर में 186 शिकायतें, 29 का निस्तारण:डीएम ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश, जमीनी शिकायतों का नहीं हुआ निस्तारण

सीतापुर में 186 शिकायतें, 29 का निस्तारण:डीएम ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश, जमीनी शिकायतों का नहीं हुआ निस्तारण

सीतापुर में जनता की शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से सोमवार को सभी सात तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान डीएम राजागणपति आर और एसपी अंकुर अग्रवाल की अध्यक्षता में तहसील मिश्रिख में आयोजित कार्यक्रम में सबसे अधिक शिकायतें दर्ज की गईं, जिससे साफ संकेत मिला कि जहां जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहते हैं, वहां फरियादियों की संख्या अधिक रहती है। तहसील मिश्रिख में आयोजित समाधान दिवस के दौरान कुल 55 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 7 का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध समाधान के निर्देश के साथ भेजा गया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने एक-एक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ किया जाए। जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि लाभार्थीपरक योजनाओं से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए, ताकि पात्र लोगों को समय से योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण पर भी विशेष जोर दिया तथा अधिकारियों को मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिए। अन्य तहसीलों की बात करें तो सदर में 32 में से 4, बिसवां में 16 में से 4, सिधौली में 40 में से 7, महमूदाबाद में 15 में से 3, महोली में 14 में से 2 और लहरपुर में 14 में से 2 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। बाकी शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान उपजिलाधिकारी अभिनव कुमार, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *