शिवपुरी जिले के दिनारा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर शुक्रवार दोपहर हुए एक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवती की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना में उसका 13 वर्षीय भाई घायल हो गया। दोनों अपने चाचा के साथ झांसी जा रहे थे, तभी एक कंटेनर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। यह घटना दिनारा कस्बे के पिछोर तिराहे के पास नेशनल हाईवे पर हुई। रामनगर गधाई, थाना करैरा निवासी रविता कुशवाहा (18) अपने चाचा फूलसिंह कुशवाहा और भाई अभिषेक कुशवाह (13) के साथ बाइक से झांसी में रिश्तेदारी में जा रही थी। बताया जा रहा है कि रविता को झांसी में सगाई की प्रक्रिया के तहत लड़के पक्ष को दिखाने के लिए ले जाया जा रहा था। कंटेनर ने बाइक को सामने से टक्कर मारी थी
दोपहर के समय एक तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रविता की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि उसका भाई अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में चाचा फूलसिंह को मामूली चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही दिनारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल अभिषेक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतका के पिता सीताराम कुशवाहा ने बताया कि वे और उनके भाई अलग-अलग बाइक से झांसी जा रहे थे। आगे चल रही बाइक को कंटेनर ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी बेटी की जान चली गई। पुलिस कंटेनर ड्राइवर की तलाश में जुटी है और मामले की आगे की जांच जारी है।


