जालौन के उरई स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में रविवार को 16वां राष्ट्रीय मतदाता जागरूकता दिवस पूरे उत्साह, गरिमा और लोकतांत्रिक संकल्प के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय, पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार, अपर जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार सिंह, एडीएम नमामि गंगे, एडीएम न्यायिक सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में मतदाता उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत उपस्थित लोगों को मतदान की शपथ दिलाकर की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने कहा कि सशक्त लोकतंत्र की नींव जागरूक और जिम्मेदार मतदाताओं पर टिकी होती है। जब प्रत्येक नागरिक बिना किसी भय और प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करता है, तभी देश और लोकतंत्र मजबूत बनता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि लोकतंत्र को सुदृढ़ करने का एक सामूहिक संकल्प है। मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के दौरान स्कूलों के छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक और प्रेरणादायक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। नृत्य, नाटक और गीतों के माध्यम से बच्चों ने मतदान के महत्व, लोकतंत्र की शक्ति और नागरिक कर्तव्यों को प्रभावशाली ढंग से मंच पर प्रस्तुत किया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी की सक्रिय भागीदारी से ही लोकतंत्र का भविष्य सुरक्षित और उज्ज्वल बन सकता है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य आगामी चुनावों में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करना है। इसके लिए अधिकारी, कर्मचारी और बूथ लेवल तक जुड़े सभी कार्मिक मतदाताओं को जागरूक करेंगे, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदान से वंचित न रह जाए। उन्होंने विशेष रूप से दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और थर्ड जेंडर समुदाय से बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि मतदान राष्ट्र निर्माण में दिया गया सबसे बड़ा योगदान है। पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि आगामी चुनावों को स्वतंत्र, निष्पक्ष, समावेशी, सुलभ, नैतिक और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह तैयार है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के प्रलोभन से दूर रहकर निर्भीक होकर मतदान करें। कार्यक्रम के दौरान मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।


